98 Views
आरकाटीपुर में संत शिरोमणि श्रीगुरु रविदास जी महाराज की 649वीं जयंती श्रद्धा व उल्लास से मनाई गई
शिलचर, 02 फरवरी (रानू दत्त):
बराक उपत्यका संत शिरोमणि श्रीगुरु रविदास जयंती उत्सव समिति की केंद्रीय समिति के तत्वावधान में रविवार को आरकाटीपुर स्थित श्रीगुरु रविदास जी मंदिर प्रांगण में संत शिरोमणि श्रीगुरु रविदास जी महाराज की 649वीं जयंती श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर आयोजित समारोह की अध्यक्षता समिति के केंद्रीय अध्यक्ष ब्रजलाल रविदास ने की। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कई गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। जिनमें रानू दत्त, गौतम तालुकदार, विश्वजीत राय, राजू चौधरी, विश्वजीत आचार्य और शेखर दे शामिल हैं।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक राजदीप ग्वाला, शिलचर विकास प्राधिकरण के पूर्व चेयरमैन मंजुल देव तथा समाजसेवी कंचन सिंह उपस्थित रहे। वक्ताओं ने संत शिरोमणि श्रीगुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और सामाजिक समरसता के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः शोभायात्रा और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। दोपहर में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर बराक उपत्यका संत शिरोमणि श्रीगुरु रविदास जयंती उत्सव समिति के अध्यक्ष जगदीश रविदास एवं सचिव मनु लाल रविदास सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में मुख्य सलाहकार रामजीत रविदास, आरकाटीपुर मंदिर समिति के उपाध्यक्ष कालीदास रविदास, मंदिर समिति की महिला अध्यक्ष एवं आंचलिक पंचायत सदस्य रीना रविदास, तथा सेवानिवृत्त शिक्षक रथीश चंद्र नाथ की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।





















