ईद की रात उत्तर कृष्णपुर में नूरी महफ़िल, मशहूर नातख्वां सान्दाल जलालपुरी होंगे शामिल
शिलचर। पवित्र ईदुल फितर की रात शिलचर के उत्तर कृष्णपुर औलिया जामा मस्जिद के समीप स्थित मैदान में कछार सुन्नी फाउंडेशन के तत्वावधान में भव्य नूरी महफ़िल का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में अभी से उत्सवी माहौल बना हुआ है और तैयारियां जोरों पर हैं।
उत्तर कृष्णपुर में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में आयोजन समिति के संयोजक मौलाना सब्बिर हुसैन अल-अज़हरी ने बताया कि इस वर्ष की महफ़िल में मुख्य नातख्वां के रूप में उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर से पधार रहे प्रसिद्ध नातख्वां शिरकत करेंगे। उनके अलावा कछार सुन्नी फाउंडेशन के विशिष्ट नातख्वां उलेमा एकराम सूफियाने एजाम सहित अन्य कलाकार हम्द व नात-ए-रसूल की प्रस्तुति देंगे।
महफ़िल को और आकर्षक बनाने के लिए 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के स्कूल एवं मदरसा विद्यार्थियों के लिए नात शरीफ, क़िराअत तथा इस्लामिक ग्रुप क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया है। बराक घाटी स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का चयन ऑडिशन के माध्यम से किया जाएगा। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिता में नामांकन की अंतिम तिथि 8 मार्च निर्धारित की गई है। आयोजन समिति ने धर्मप्रेमी जनसमुदाय से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर महफ़िल की शोभा बढ़ाने और सहयोग प्रदान करने की अपील की है।





















