उधारबंद चांदखिरा स्थित श्री भैरव बाबा मंदिर का तृतीय स्थापना दिवस उत्साह के साथ संपन्न
उधारबंद, प्रतिनिधि।
उधारबंद के चांदखिरा में स्थित ऐतिहासिक श्री भैरव बाबा मंदिर का तृतीय स्थापना दिवस शुक्रवार और रविवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। शुक्रवार को तिथि पूजा संपन्न हुई, जबकि रविवार को मुख्य वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया।
रविवार सुबह से ही प्राकृतिक सौंदर्य से आच्छादित क्षेत्र भक्तों की उपस्थिति से आनंदमय वातावरण में परिवर्तित हो गया। महिलाओं ने कांच कांती मां मंदिर से कलश में जल भरकर वाद्ययंत्रों के साथ शोभायात्रा के रूप में भैरव बाबा मंदिर तक जल लाया। मार्ग में श्रद्धालुओं ने “बाबा की जय” के जयघोष किए तथा धामाइल नृत्य प्रस्तुत कर उत्सव में भक्ति रस घोल दिया।
इसके उपरांत भगवान नारायण एवं भैरव बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना, यज्ञ एवं हवन का आयोजन किया गया। दोपहर में भोग अर्पित करने के बाद दोपहर एक बजे से प्रसाद वितरण प्रारंभ हुआ। लगभग पांच हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर वृहत्तर उधारबंद भैरव बाड़ी विकास समिति के अध्यक्ष नवेंदु चक्रवर्ती ने ‘प्रेरणा भारती’ के उधारबंद प्रतिनिधि निहार कांति राय को दिए साक्षात्कार में बताया कि चांदखिरा के प्रवेश द्वार पर पूर्व में बाबा का अधिष्ठान था, किंतु वहां मंदिर निर्माण संभव नहीं हो सका। इसलिए उस स्थान की पवित्र मिट्टी लाकर वर्तमान स्थल पर मंदिर की स्थापना की गई। उन्होंने कहा कि यहां प्रतिदिन बाबा की नियमित पूजा होती है और इस वर्ष तृतीय स्थापना दिवस पर लगभग पांच हजार भक्तों के आगमन की अपेक्षा की गई थी, जो पूर्ण हुई।
समिति के सामान्य सचिव मिंटू लाल नमःसूद्र, सहाध्यक्ष अजीत राय, सहसचिव सायन राय, कोषाध्यक्ष पन्ना दे, कार्यकारी सदस्य ध्रुव ज्योति नाग तथा सहसभानेत्री शिवानी दे सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




















