21 Views
उधारबंद में चुनावी घमासान तेज: भाजपा के राजदीप ग्वाला का ताबड़तोड़ प्रचार, कांग्रेस और तृणमूल भी मैदान में सक्रिय
शिलचर, 2 अप्रैल : कछार जिले के 115 नंबर उधारबंद विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी लगातार तेज होती जा रही है। भाजपा प्रत्याशी राजदीप ग्वाला ने अपने प्रचार अभियान को और गति देते हुए एक ही दिन में आठ से दस जनसभाओं को संबोधित किया। बुधवार शाम लगभग 4 बजे शालगंगा गैस एजेंसी के सामने से एक विशाल पदयात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। इस पदयात्रा में भाजपा उम्मीदवार राजदीप ग्वाला के साथ राज्यसभा सांसद कणाद पुरकायस्थ सहित जिला और मंडल स्तर के कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त, काशीपुर मंडल के अंतर्गत हाथीछोड़ा चाय बागान में एक विशेष संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मंडल अध्यक्ष सुजीत ग्वाला समेत कई समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान राजदीप ग्वाला ने क्षेत्र के लोगों के स्नेह, विश्वास और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यही समर्थन उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है और वे भविष्य में क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए और अधिक प्रतिबद्ध रहेंगे।
वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस प्रत्याशी अजीत सिंह भी अपने चुनावी अभियान को लगातार आगे बढ़ाते हुए जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। दोनों प्रमुख दलों के बीच कड़ी टक्कर के बीच तृणमूल कांग्रेस ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। तृणमूल ने पश्चिम बंगाल की सांसद सायनी घोष को स्टार प्रचारक के रूप में मैदान में उतारा है, जिससे मुकाबला और भी रोचक हो गया है।
उधारबंद में तीनों दलों के बीच जारी इस तीव्र प्रचार अभियान ने चुनावी माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है और आने वाले दिनों में मुकाबला और भी दिलचस्प होने की संभावना है।





















