26 Views
उधारबंद में चुनावी समीकरण बदला: निर्दलीय मिठुन नाथ के हटने से भाजपा–कांग्रेस में सीधी टक्कर
निहार कांति राय, उधारबंद, 26 मार्च:
असम के 115 नंबर उधारबंद विधानसभा क्षेत्र में चुनावी मुकाबला अब और स्पष्ट हो गया है। संघ से जुड़े एकनिष्ठ कार्यकर्ता और निर्दलीय प्रत्याशी मिठुन नाथ के चुनावी मैदान से हटने के बाद अब मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा के उम्मीदवार राजदीप ग्वाला और कांग्रेस के प्रत्याशी अजीत सिंह के बीच सिमटता दिख रहा है। हालांकि तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार तापस दास भी मैदान में हैं, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि असली लड़ाई भाजपा और कांग्रेस के बीच ही होगी।
इधर, भाजपा ने चुनाव प्रचार में अन्य दलों को पीछे छोड़ते हुए जोरदार अभियान छेड़ दिया है। बुधवार को पार्टी ने “विजय संकल्प दिवस” के तहत व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। आएनाछड़ा चाय बागान से शुरू हुए इस अभियान के तहत कुम्भा, टिकल, चंडिघाट, अरुणाबंद और बड़शिंगा समेत कई क्षेत्रों में सभाएं आयोजित की गईं।
इन सभाओं में विधानसभा प्रभारी विमलेन्दु राय, आंचलिक पंचायत अध्यक्ष सुमन केवट, मंडल महासचिव स्वरूप दत्त, प्रद्युत चक्रवर्ती, युवा मोर्चा अध्यक्ष बिप्लब दास, चाय मोर्चा की राज्य समिति सदस्य सुनंदा कुर्मी और संयोजक बिप्लब देव नाथ सहित कई नेता उपस्थित रहे। इसी दौरान पार्टी के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन भी किया गया।
सभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार की विकास योजनाओं का उल्लेख किया और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। राज्यसभा सांसद कणाद पुरकायस्थ ने अपने भाषण में कहा कि इस बार का चुनाव “राष्ट्र विरोधी ताकतों के खिलाफ अखंडता की लड़ाई” है। उन्होंने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके विदेशी संबंधों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा द्वारा प्रमाण प्रस्तुत किए गए हैं, लेकिन अब तक इस पर कोई जवाब नहीं आया है।
वहीं, भाजपा उम्मीदवार राजदीप ग्वाला ने कहा कि उन्हें जनता का भरपूर समर्थन और स्नेह मिल रहा है और उन्हें विश्वास है कि यह समर्थन मतदान के दिन तक कायम रहेगा।
कार्यक्रम में रंगपुर मालू ग्राम मंडल अध्यक्ष पुलक देव, काशीपुर के वरिष्ठ नागरिक एवं चुनावी कार्यालय के लिए जमीन दाता राजमोहन सिंह, जिला परिषद सदस्य रोहित सिंह, दीप्ति शुक्ला वैद्य, सुजीत ग्वाला, अरिजीत तांती सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी मंच पर उपस्थित थे। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।




















