17 Views
उधारबंद में भाजपा की जीत का दावा, राजदीप ग्वाला ने मांगा जनसमर्थन

उधारबंद, प्रतिनिधि (नीहार कांति राय):
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उधारबंद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा प्रत्याशी राजदीप ग्वाला ने दावा किया है कि इस बार राज्य में भाजपा ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाते हुए 100 से अधिक सीटें जीतकर पुनः सरकार बनाएगी।
शुक्रवार को उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के दयापुर जीपी के आताई छड़ा, बाघमारा और पान ग्राम जीपी के मणिपुरी बस्ती में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने जनता से समर्थन और आशीर्वाद की अपील की। उन्होंने कहा कि वे जनता के सेवक के रूप में कार्य करना चाहते हैं और इसके लिए लोगों का विश्वास आवश्यक है।
अपने भाषण के दौरान राजदीप ग्वाला ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए जनता से सवाल किया कि क्या उन्हें कांग्रेस शासनकाल में “अरुणोदय योजना” या महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 10,000 रुपये की सहायता मिली थी? इस पर जनता ने नकारात्मक उत्तर दिया।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में कई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, अरुणोदय योजना, मुफ्त राशन, सस्ते दरों पर दाल-चीनी-नमक, चाय बागान मजदूरों की मजदूरी वृद्धि, छात्राओं को मुफ्त साइकिल, निशुल्क पाठ्यपुस्तक, फीस माफी और आंगनवाड़ी केंद्रों का विकास शामिल है।
भाजपा प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने केवल जनता के विकास के नाम पर भ्रष्टाचार किया और अपने बैंक बैलेंस बढ़ाए। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी भ्रामक वादों में न आएं और विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए भाजपा को समर्थन दें।
उन्होंने बताया कि 9 अप्रैल को मतदान के दिन सुबह ही अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डालें। उन्होंने कहा कि ईवीएम में दूसरे नंबर पर उनका चुनाव चिह्न “कमल” है, जिस पर बटन दबाकर उन्हें विजयी बनाएं।
राजदीप ग्वाला ने आश्वासन दिया कि यदि वे भारी मतों से विजयी होते हैं तो क्षेत्र की सभी समस्याओं के समाधान के लिए पूरा प्रयास करेंगे। सभा में भाजपा के संकल्प पत्र में शामिल विकास योजनाओं की भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष दिव्य ज्योति सेन, संभावित उम्मीदवार सुरेंद्र प्रसाद सिंह और वरिष्ठ कार्यकर्ता श्याम सुंदर ग्वाला ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राजदीप गोवाला एक अनुभवी नेता हैं और जनता की सेवा के लिए समर्पित हैं।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष उमा शंकर भट्टाचार्य, जिला परिषद सदस्य रोहित सिंह, प्रवासी प्रभारी बजरंग शुक्ला, चाय मोर्चा की प्रदेश समिति की सदस्या सुनंदा कुर्मी, महासचिव स्वरूप दत्त और प्रद्युत चक्रवर्ती सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
पान ग्राम मणिपुरी बस्ती में आयोजित सभा के दौरान स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। वहीं, सभा के बाद क्षेत्र की खराब सड़कों का निरीक्षण करते हुए राजदीप गोवाला ने शीघ्र सुधार का आश्वासन दिया।





















