उधारबंद में भाजपा की पकड़ मजबूत, राजदीप ग्वाला बढ़त की ओर
ध्रुवीकरण तेज, कांग्रेस कमजोर; बदले परिसीमन में भाजपा को बढ़त के संकेत
उधारबंद से विशेष रिपोर्ट:
उधारबंद विधानसभा क्षेत्र में इस बार चुनावी मुकाबला धीरे-धीरे एकतरफा होता नजर आ रहा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजदीप ग्वाला के पक्ष में माहौल लगातार मजबूत हो रहा है। युवा श्रमिक नेता के रूप में पहचान रखने वाले ग्वाल दो बार विधायक रह चुके हैं, जिसके चलते क्षेत्र में उनका सशक्त जनाधार और संगठनात्मक पकड़ साफ दिखाई देती है।
चुनावी प्रचार के अंतिम चरण में भाजपा के पक्ष में ध्रुवीकरण तेज हुआ है। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और मतदाताओं के साथ निरंतर संपर्क ने ग्वाला की स्थिति को और मजबूत किया है। इसका सीधा असर चुनावी समीकरणों पर पड़ता दिख रहा है।
वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी इस चुनाव में अपेक्षाकृत कमजोर स्थिति में नजर आ रहे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान उनकी सक्रियता सीमित रही, जिसका असर जमीनी समर्थन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। इसके अलावा कांग्रेस से जुड़े नेता तापस का तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर मैदान में उतरना कांग्रेस के पारंपरिक वोट बैंक में विभाजन का कारण बन सकता है।
परिसीमन (डेलिमीटेशन) के बाद उधारबंद विधानसभा के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों में बदलाव आया है। क्षेत्र में हिंदू मतदाताओं की संख्या अधिक होने का लाभ भी भाजपा को मिलता दिख रहा है, जिससे पार्टी की स्थिति और मजबूत हुई है।
इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए उधारबंद विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी राजदीप ग्वाला अच्छे मतों के अंतर से जीत की ओर अग्रसर दिखाई दे रहे हैं। हालांकि अंतिम फैसला मतदाताओं के हाथ में है, लेकिन मौजूदा परिदृश्य भाजपा के पक्ष में जाता नजर आ रहा है।




















