उधारबंद में भाजपा की संगठनात्मक बैठक, रुपम शाहा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
निहार कांति राय, उधारबंद, 06 फरवरी: भाजपा नेता निहार कांति राय ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने 60 वर्षों के शासनकाल में देश और राज्य की जनता के लिए कोई ठोस जनकल्याणकारी योजना लागू नहीं की, बल्कि जनता को केवल गुमराह किया। इसी कारण देश की जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है।
गुरुवार को उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के उधारबंद मंडल अंतर्गत मधुरा, पानग्राम, लारसिंग टिकलपार, कुम्भा, पातीछोड़ा, खासपुर तथा अंत में शालगंगा खासपुर दुर्गा बाड़ी में आयोजित भाजपा की विशेष संगठनात्मक बैठकों को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रुपम शाहा ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान राज्य की आर्थिक स्थिति चरमरा गई थी, समग्र विकास बाधित हुआ, बेरोजगारी बढ़ी और उग्रपंथी समस्याएं सिर उठाने लगीं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय जनता को बहकाने के लिए सूत और कंबल बांटे जाते थे, जबकि विभिन्न योजनाओं की राशि दलालों द्वारा लूट ली जाती थी। कांग्रेस ने राज्य में ‘दलाल राज’ कायम किया, इसलिए जनता ने उसे सत्ता से बाहर कर भाजपा को अवसर दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के गठन के बाद राज्य में विकास की नई लहर बह रही है। पहले मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल और वर्तमान में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में एक के बाद एक जनहितैषी योजनाएं लागू हो रही हैं। महिला उद्यमिता योजना के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। अरुणोदय, आयुष्मान भारत, मुफ्त चावल, 100 रुपये में चावल-दाल-चीनी, लाखपति दीदी, राष्ट्रीय बाल विकास योजना, उज्ज्वला, नियुत मयना योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं से राज्य की जनता सीधे लाभान्वित हो रही है।
आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए रुपम शाहा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे घर-घर जाकर लोगों से संवाद करें और यह सुनिश्चित करें कि सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सही रूप से पहुंच रहा है या नहीं। साथ ही उन्होंने भाजपा को पुनः सत्ता में लाने की अपील की।
उधारबंद के विधायक मिहिर कांति सोम ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान उधारबंद की जो बदहाल स्थिति थी, भाजपा सरकार के समय उसका कायाकल्प हुआ है। उन्होंने भी पार्टी प्रत्याशी कोई भी हो, भाजपा को वोट देने की अपील की।
बैठकों को जिला सचिव सौमित्र देव राय, मंडल महासचिव प्रद्युत चक्रवर्ती सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। मंच पर मंडल प्रभारी ध्रुव ज्योति भट्टाचार्य, विधानसभा संयोजक बिप्लब देवनाथ, वरिष्ठ कार्यकर्ता अरुण राय, स्वप्न चक्रवर्ती, विधु भूषण नाथ तथा शालगंगा जिला परिषद सदस्य दीप्ति शुक्ल वैद्य उपस्थित थीं। इसके अलावा मंडल अध्यक्ष उमा शंकर भट्टाचार्य, जिला परिषद सदस्य रोहित सिंह, महासचिव स्वरूप दत्त, निर्मल कुमार राय सहित बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र के कार्यकर्ता एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।



















