उधारबंद वन विभाग में विदाई समारोह: अरविंद डेका और कविंद्र होजाई सेवानिवृत्त, लक्ष्मीमणि छेलेंग का तबादला
प्रेरणा भारती, निहार कांति राय, उधारबंद:
उधारबंद वन विभाग कार्यालय में शनिवार को एक भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वन विभाग के कार्यालय अधिकारी अरविंद डेका एवं मारोवार बीट अधिकारी कविंद्र होजाई ने अपने दीर्घ कार्यकाल के पश्चात सेवा से सेवानिवृत्ति ग्रहण की। वहीं विभाग की कर्मी लक्ष्मीमणि छेलेंग का उनके गृह जिले में स्थानांतरण होने पर उन्हें भी विदाई दी गई।
समारोह के दौरान निवर्तमान कार्यालय अधिकारी अरविंद डेका ने अपना दायित्व कमलेंदु दास को सौंपा, जबकि निवर्तमान मारोवार बीट अधिकारी कविंद्र होजाई ने वर्तमान बीट अधिकारी फखरुल इस्लाम बड़भुइयां को कार्यभार हस्तांतरित किया।
इस अवसर पर आयोजित विदाई सभा में स्वागत भाषण उप वनरक्षक अधिकारी कमलेंदु दास ने दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अरविंद डेका सदैव अपने दायित्वों के प्रति अडिग और अनुशासित रहे। कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर वे सख्त रुख अपनाते थे, किंतु सहकर्मियों के साथ उनका आत्मीय संबंध था। वे हर सुख-दुख में साथ खड़े रहते थे, इसलिए उन्हें विदा करते समय मन भावुक हो उठा है। उन्होंने ईश्वर से उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त मारोवार बीट अधिकारी कविंद्र होजाई, वर्तमान बीट अधिकारी फखरुल इस्लाम बड़भुइयां, कर्मी लक्ष्मीमणि छेलेंग तथा पत्रकार निहार कांति राय ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने अरविंद डेका और कविंद्र होजाई को सरल, सौम्य और मिलनसार व्यक्तित्व का धनी बताया। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारी सदैव हंसमुख और सहयोगी स्वभाव के रहे तथा सभी के साथ आत्मीय व्यवहार करते थे।
अपने विदाई संबोधन में अरविंद डेका ने कहा कि मोरीगांव से उधारबंद आकर उन्हें सहकर्मियों से जो स्नेह और सम्मान मिला, वह जीवनभर अविस्मरणीय रहेगा। यदि कर्तव्य पालन के दौरान उन्होंने किसी को कठोर शब्द कहे हों तो उसे क्षमा करने का आग्रह किया। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के अंत में सहकर्मियों ने तीनों विदाई प्राप्त अधिकारियों को स्मृति-चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मधुरा सहित विभिन्न बीट अधिकारी, कार्यालय कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।





















