एकल विद्यालय के विद्यार्थियों को गर्म वस्त्र, ग्रामीणों को कंबल वितरित

काछार जिला अंतर्गत मैदान बिल ग्राम स्थित 883 संख्यक आरकाटीपुर निम्न प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित एक समारोह में बराक हिन्दी साहित्य समिति की ओर से समाजसेवा का सराहनीय कार्य किया गया। इस अवसर पर समिति द्वारा एकल विद्यालय के 31 विद्यार्थियों को गर्म वस्त्र तथा लगभग 100 ग्रामीणों को कंबल वितरित किए गए।
समिति द्वारा वर्ष 2022 से दक्षिण असम के पिछड़े चाय बागान एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर इस प्रकार के कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 1998 में स्थापित बराक हिन्दी साहित्य समिति हिन्दी भाषा के संवर्धन के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय है और अब तक हजारों जरूरतमंदों को कंबल व उपयोगी वस्त्र प्रदान कर चुकी है।
समारोह को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष उदय शंकर गोस्वामी ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा, ताकि कोई भी गरीब न रहे और प्रत्येक व्यक्ति सम्मान के साथ जीवन यापन कर सके।

कार्यक्रम में समिति के पूर्व अध्यक्ष परमेश्वरलाल काबरा, पूर्व उपाध्यक्ष बाबुल नारायण कानु, महासचिव प्रदीप कुमार कुर्मी तथा उपाध्यक्ष अरुण महतो ने भी अपने विचार रखे। सभा का संचालन समिति के उपाध्यक्ष एवं वनबंधु परिषद, शिलचर चैप्टर के कार्यकारी अध्यक्ष कन्हैयालाल सिंगोदिया ने किया।
इस अवसर पर समिति के कोषाध्यक्ष सांवरमल काबरा, कार्यालय सचिव प्रमोद जायसवाल, आजीवन सदस्य घनश्याम तापड़िया, संतलाल सिंह, संगठन सचिव राजन कुँवर, विद्यालय के प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र राय, वनबंधु परिषद के सक्रिय सदस्य मान्ना सिंहा, एकल अभियान के वरिष्ठ कार्यकर्ता बाबुल नुनिया, राजु कुर्मी, एकल विद्यालय की आचार्या सीता कोइरी एवं संच प्रमुख राधा रानी दास सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
समिति के आजीवन सदस्य रत्नेश अग्रहरी ने अपने पुत्र युवराज अग्रहरी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में एकल विद्यालय के विद्यार्थियों को खाता एवं पेंसिल भेंट कर कार्यक्रम को और भी स्मरणीय बनाया।




















