17 Views
कटानाला में मशरूम खेती को बढ़ावा देने हेतु आईसीएआर-केवीके का फील्ड डे आयोजित
प्रीतम दास, हाईलाकांदि २४फरवरी:
हाईलाकांदि जिले के कटानाला गांव में मशरूम खेती को लोकप्रिय और लाभदायक पहल के रूप में प्रसारित करने के उद्देश्य से एक सफल फील्ड डे कार्यक्रम आयोजित किया गया आईसीएआर–टीएसपी परियोजना के तहत आईसीएआर केवीके हाईलाकांदि के तत्वावधान में २३ फरवरी २०२५ को आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों और स्थानीय जनजातीय समुदाय की उल्लेखनीय भागीदारी देखी गई।
कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. सौरभ शर्मा, एसएमएस (पादप संरक्षण) एवं प्रभारी प्रमुख ने किया। फील्ड डे के अवसर पर दो प्रदर्शन स्थलों पर मशरूम उत्पादन का वास्तविक प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में उत्पादन के परिणाम संतोषजनक रहने से उपस्थित किसानों में काफी उत्साह देखा गया।चर्चा में भाग लेने वाले किसानों और जनजातीय समुदाय के सदस्यों ने आय वृद्धि और आत्मनिर्भरता प्राप्त करने के लिए उच्च मूल्य वाली वैकल्पिक कृषि पहल के रूप में मशरूम खेती अपनाने में गहरी रुचि व्यक्त की। विशेषज्ञों ने मशरूम खेती की आधुनिक विधियों, कम लागत में उत्पादन तथा बाजार संभावनाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की। उल्लेखनीय है कि आईसीएआर केवीके हाईलाकांदि लंबे समय से जनजातीय किसानों के विकास हेतु विभिन्न आवश्यकता-आधारित प्रशिक्षण और प्रदर्शन कार्यक्रमों का क्रियान्वयन करता आ रहा है। संबंधित महकमे को उम्मीद है कि इस प्रकार की पहलों से क्षेत्र में पोषण सुरक्षा मजबूत होगी और टिकाऊ आजीविका के क्षेत्र में धीरे-धीरे सकारात्मक परिवर्तन आएगा।




















