कांग्रेस 55 साल में जो नहीं कर सकी, भाजपा ने 15 साल में किया: सर्वानंद सोनोवाल
बराक घाटी/बड़खला, 27 मार्च:
आगामी 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री एवं असम के पूर्व मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को बड़खला के डलू क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया।
डलू पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने संबोधन में सोनोवाल ने केंद्र की सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि देश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “कांग्रेस आज सिर्फ मीडिया में ही जिंदा है, जनता के दिलों में उसकी कोई जगह नहीं बची है। 55 वर्षों में जो काम कांग्रेस नहीं कर पाई, उसे भाजपा सरकार ने मात्र 15 वर्षों में पूरा कर दिखाया है। ऐसे में कांग्रेस को दोबारा मौका देने का सवाल ही नहीं उठता।”
सोनोवाल ने आगे कहा कि भाजपा सरकार “आत्मनिर्भर बराक, आत्मनिर्भर असम और आत्मनिर्भर भारत” के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बराक और ब्रह्मपुत्र घाटी में विकास की लहर चल रही है और केंद्र सरकार करोड़ों रुपये की परियोजनाओं के जरिए संपर्क व्यवस्था को बेहतर बना रही है, जिससे कुछ ही घंटों में आवागमन संभव हो रहा है।
सभा के अंत में उन्होंने मतदाताओं से विकास के मुद्दे पर भाजपा प्रत्याशी किशोर नाथ को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। सभा में भाजपा सांसद कणाद पुरकायस्थ सहित कई वक्ताओं ने वक्तव्य प्रस्तुत किया।




















