ब्रेकिंग | काठीघोड़ा

काछार के काठीघोड़ा में साइबर ठगों का आतंक, व्हाट्सऐप हैक कर मांगी गई रकम

अंतरराष्ट्रीय नंबरों से देर रात कॉल, कॉन्टैक्ट लिस्ट में फर्जी PDF भेजकर ₹2,500 की मांग — थाने में शिकायत दर्ज

काछार ज़िले में साइबर अपराध का जाल तेजी से फैलता जा रहा है। ताज़ा मामला काटीगड़ा थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर निवासी ताहिर अहमद लस्कर से जुड़ा है, जो साइबर हैकरों के निशाने पर आ गए। ठगों ने उनका मोबाइल नंबर और व्हाट्सऐप अकाउंट हैक कर उनकी कॉन्टैक्ट लिस्ट में मौजूद लोगों को फर्जी पीडीएफ फाइल भेजते हुए ₹2,500 की रकम की मांग की।

पीड़ित द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार, रविवार देर रात उनके मोबाइल पर दो अंतरराष्ट्रीय नंबरों — +60137042602 और +43142409199826 — से कॉल आए। कॉल रिसीव नहीं करने के बावजूद सोमवार सुबह उन्होंने अपने व्हाट्सऐप अकाउंट में असामान्य गतिविधि महसूस की। इसके बाद परिचितों से जानकारी मिली कि उनके नंबर से पैसे मांगने वाले संदेश भेजे जा रहे हैं।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ताहिर अहमद लस्कर ने तुरंत अपने सभी संपर्कों को सूचित किया और किसी भी प्रकार का लेन-देन न करने की अपील की, जिससे समय रहते आर्थिक नुकसान टल गया

घटना की रात ही उन्होंने काठीघोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है और इस्तेमाल किए गए अंतरराष्ट्रीय नंबरों को ट्रैक करने की प्रक्रिया चल रही है।

पुलिस और साइबर विशेषज्ञों ने आम लोगों से अपील की है कि वे अज्ञात नंबरों, संदिग्ध लिंक और फाइलों से सावधान रहें, तथा व्हाट्सऐप में टू-स्टेप वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से सक्रिय रखें।

इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों ने साइबर जागरूकता अभियान तेज करने की मांग की है।