सोनाई विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी लड़ेगी चुनाव
जिला अध्यक्ष शाहनूर आलम लस्कर होंगे प्रत्याशी : महावीर सिंह
शिलचर, 31 जनवरी। आगामी असम विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी सोनाई विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरेगी। पार्टी ने सोनाई सीट से प्रत्याशी देने का फैसला लगभग अंतिम कर लिया है। इस सीट से समाजवादी पार्टी के कछार जिला अध्यक्ष शाहनूर आलम लस्कर को उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा की गई है। यह जानकारी शुक्रवार को शिलचर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय नेता महावीर सिंह ने दी।
महावीर सिंह ने कहा कि सोनाई विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी का संगठनात्मक आधार काफी मजबूत है और पूर्व में यहां से पार्टी के उम्मीदवार ने जीत भी दर्ज की थी। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी की असम राज्य समिति और काछार जिला नेतृत्व ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की है। अखिलेश यादव ने असम नेतृत्व को स्पष्ट कर दिया है कि सोनाई विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी को निश्चित रूप से पार्टी का टिकट दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि असम में भाजपा-विरोधी गठबंधन में समाजवादी पार्टी की भागीदारी को लेकर अंतिम निर्णय दिल्ली में लिया जाएगा। बराक घाटी की सोनाई विधानसभा सीट पर उम्मीदवार उतारने का निर्णय लगभग तय है। इसके साथ ही पार्टी एक अन्य विधानसभा क्षेत्र में महिला प्रत्याशी उतारने की तैयारी भी कर रही है।
महावीर सिंह ने केंद्र और राज्य में भाजपा शासन की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में आम जनता की समस्याएं लगातार बढ़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘खैरात’ के नाम पर थोड़ी-सी राशि देकर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, जिससे गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन कर रहे लोगों के स्थायी विकास का रास्ता बंद हो रहा है।
उन्होंने कहा कि महंगाई बेकाबू है, आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं और असम में भ्रष्टाचार व अराजकता चरम पर है। साम्प्रदायिकता और जातिवादी राजनीति का ज़हर समाज में फैलाया जा रहा है। इन हालात से निजात पाने के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में असम की सभी भाजपा-विरोधी ताकतों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि समाजवादी पार्टी की मांगों को स्वीकार करते हुए सीटों का बंटवारा सहमति के आधार पर किया जाएगा। सोनाई समेत कुछ अन्य सीटों पर प्रत्याशी तय करने के लिए अखिलेश यादव कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से लगातार बातचीत कर रहे हैं।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के कछार जिला अध्यक्ष एवं सोनाई से प्रत्याशी-प्रत्याशी शाहनूर आलम लस्कर ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने का निर्देश दिया है। इसके तहत बूथ-स्तर पर संगठन को मजबूत करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
जिला सह-अध्यक्ष देवाशीष घोष ने कहा कि सोनाई विधानसभा क्षेत्र से सर्वसम्मति से शाहनूर आलम लस्कर को पार्टी उम्मीदवार बनाया जा रहा है। वहीं जिला अध्यक्ष अभिजीत पाल ने विश्वास जताया कि सामाजिक न्याय के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।
इस मौके पर जिला महासचिव देवाशीष राय, काछार जिला महिला सभा अध्यक्ष जेनुफर यासमीन तथा समाजवादी युवजन सभा के जिला अध्यक्ष आलम लस्कर भी उपस्थित थे।




















