डॉन बॉस्को स्कूल, शिलचर में डॉन बॉस्को सह अभिभावक दिवस धूमधाम से संपन्न
शिलचर, 01 फरवरी 2026:
डॉन बॉस्को स्कूल, शिलचर में शुक्रवार को डॉन बॉस्को सह अभिभावक दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर शिक्षा, धर्म और समाज जगत की अनेक विशिष्ट हस्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मोस्ट रेवरेन्ड बिशप जोआचिम वाल्डर, डीडी उपस्थित रहे, जबकि डॉ. हिमब्रत चक्रवर्ती विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
अन्य गणमान्य अतिथियों में डॉन बॉस्को स्कूल के प्राचार्य रेवरेन्ड फादर सुरजीत टिग्गा, प्रबंधक रेवरेन्ड ब्रदर रेगी चेरुकुनेल, पाठारकांडी पैरिश के पल्ली पुरोहित रेवरेन्ड फादर एल्बास्टर खारकोंगोर, सहायक पल्ली पुरोहित फादर जोआचिम एक्कला, प्रसिद्ध बैंड मास्टर एवं विशेष अतिथि रेवरेन्ड ब्रदर जॉन कोलांबी, शिलॉंग से आए अतिथि ब्रदर डावनमेई पासी, उप-प्राचार्य रेवरेन्ड फादर जोसे जोश एवं ब्रदर किर्बासियस, सिस्टर ज्योति, सिस्टर जैसिंटा तथा रेवरेन्ड ब्रदर लुमलांग प्रमुख रूप से शामिल थे।
कार्यक्रम की शुरुआत सिस्टर ज्योति द्वारा ईश्वरीय आशीर्वाद के आह्वान से हुई। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन, संत डॉन बॉस्को को पुष्पांजलि अर्पित कर अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ कक्षा 3 एवं 4 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य से हुआ। इसके बाद सर मैथ्यू एवं सर दिप्ताजित के मार्गदर्शन में छात्रों द्वारा मधुर गीत प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम में भारत की विविध सांस्कृतिक झलकियाँ देखने को मिलीं—उत्तर प्रदेश की कथक, केरल की मोहिनीअट्टम, अरुणाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड का जनजातीय नृत्य, पंजाब का भांगड़ा, महाराष्ट्र का कोली नृत्य तथा पश्चिमी देशभक्ति नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यालय के बैंड द्वारा प्रस्तुत वाद्य संगीत, ज़ुबीन गर्ग को समर्पित श्रद्धांजलि, तथा विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाट्य मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। संध्या का सबसे आकर्षक और सराहनीय प्रदर्शन डॉन बॉस्को ईवनिंग स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा मैडम मिली सिन्हा के कुशल निर्देशन में प्रस्तुत किया गया, जिसने पूरे सभागार को तालियों से गूंजा दिया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डॉ. हिमब्रत चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में मूल्य आधारित शिक्षा और विशेषीकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नैतिक मूल्यों से युक्त शिक्षा ही समाज और राष्ट्र को सशक्त बना सकती है।
मुख्य अतिथि मोस्ट रेवरेन्ड बिशप जोआचिम वाल्डर ने शिक्षकों एवं अभिभावकों को डॉन बॉस्को संस्थान पर विश्वास बनाए रखने के लिए बधाई दी और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन मैडम रुमली भट्टाचार्जी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने समाज और राष्ट्र के प्रति डॉन बॉस्को परिवार की सेवा भावना को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का सफल संचालन मिरान बर्मन, विवेक भास्कर दास, ज्ञानम देव चौधरी, कृषांगी देव चौधरी एवं नाज़मिन परबीन ने किया, जो मैडम रुमली भट्टाचार्जी और मैडम देवजानी पुरकायस्थ के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

















