14 Views
डॉ.बुद्धिनाथ मिश्र ने किया ‘शब्दाक्षर पत्रिका’ का लोकार्पण
कोलकाता:अंतराष्ट्रीय साहित्यकार गीतऋषि डॉ.बुद्धिनाथ मिश्र ने विगत दिवस शब्दाक्षर संस्था मुख्यालय कोलकाता से प्रकाशित होने वाली ‘शब्दाक्षर पत्रिका’ के जनवरी-मार्च 2026 त्रैमासिक अंक का लोकार्पण किया। लोकार्पण वक्तव्य में डॉ.बुद्धिनाथ मिश्र ने इस बात पर प्रसन्नता जताई कि ‘शब्दाक्षर पत्रिका’ का यह लगातार 21वां अंक है,जो अपने प्रारम्भिक अंक से लेकर अभी तक निर्बाध प्रकाशित हुआ है,यह शब्दाक्षर पत्रिका का सराहनीय पक्ष है। उन्होने हर्ष ज्ञापित किया कि 25 राज्यों में साहित्यरत ‘शब्दाक्षर’ पंजीकृत संस्था के अनेक साहित्यधर्मी शब्दाक्षर पत्रिका के सदस्य हैं। डॉ.बुद्धिनाथ मिश्र ने चैता गीत सुना कर सभी को आनंदित किया। पत्रिका के प्रधान संपादक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह ने आभासी पटल को संबोधित करते हुए बताया कि यह पत्रिका विगत 6 वर्षों से अनवरत निर्बाध प्रकाशित हो रही है और इसका प्रसारण क्षेत्र लगभग संपूर्ण भारत है। पत्रिका के संपादक धनंजय जयपुरी ने पत्रिका के प्रारूप पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘शब्दाक्षर पत्रिका केवल शब्दाक्षर के रचनाकारों की रचनाओं का ही प्रकाशन करती है, शब्दाक्षर साहित्यकारों का वृहद परिवार होने के कारण स्तरीय रचनाएं सर्वसुलभ रहतीं हैं। उपसंपादक अनामिका सिंह ने संस्था पदाधिकारियों व सदस्यों को पत्रिका में प्रकाशन हेतु स्तरीय रचनाएँ भेजने के लिए औपचारिक रूप से आभार जताया और इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि संस्था के सदस्यों को यह पत्रिका डाक द्वारा नियमित उनके घर तक पहुंचाई जाती है। प्रबंध संपादक लखन ‘शब्दाक्षरी’ ने पत्रिका के ग़ज़ल पक्ष पर विधागत विचार प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम समापन पर धन्यवाद ज्ञापन भी किया। दूसरा सत्र काव्य सत्र के रूप में आयोजित हुआ। पटल का साहित्यिक संचालन शब्दाक्षर पश्चिम बंगाल की युवा साहित्य मंत्री ईशा गुप्ता ‘गीतिका’ ने किया तथा तकनीकी सहयोग राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी निशांत सिंह ‘गुलशन’ ने किया।





















