16 Views
दुलियाजान के टिपलिंग नवज्योति गांव में भीषण आग, खेतों व बांस बाड़ी को भारी नुकसान
दुलियाजान, 24 फरवरी (दिलीप साह): दुलियाजान के टिपलिंग नवज्योति गांव में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते गांव के खेतों और बांस के बगीचों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे व्यापक नुकसान हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैलती चली गई और कई बांस के पेड़ जलकर खाक हो गए। खेतों में लगी आग के कारण किसानों को भी भारी क्षति उठानी पड़ी है। आग की भयावहता को देखते हुए गांव के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही Oil India Limited की कई अग्निशमन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा लेने से आसपास के रिहायशी इलाकों को बड़ी क्षति से बचा लिया गया।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। स्थानीय प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में चिंता का माहौल बना हुआ है।




















