फॉलो करें

दुलियाजान में छात्र की मौत से सनसनी

33 Views
दुलियाजान में छात्र की मौत से सनसनी
आत्महत्या या सुनियोजित हत्या? जांच में जुटी पुलिस, परिजनों का प्रदर्शन
दिलीप साह दुलियाजान, २६ फरवरी: पांच दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बालिजान स्थित विवेकानंद केंद्र विद्यालय (बीकेवी) के कक्षा सात के छात्र की बुधवार सुबह मौत हो गई। छात्र 21 फरवरी से डिब्रूगढ़ के असम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एएमसीएच) में इलाजरत था।
जानकारी के अनुसार, 20 फरवरी की शाम विद्यालय के छात्रावास के बाथरूम में छात्र गले में मफलर लिपटी संदिग्ध अवस्था में मिला था। घटना के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां पांच दिनों तक उपचार चला, लेकिन अंततः उसने दम तोड़ दिया।
इस घटना को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है। घटना की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया।
घटना के बाद विद्यालय परिसर में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने विद्यालय के प्रधानाचार्य, छात्रावास के वार्डन और अन्य आवासीय छात्रों से पूछताछ की है, हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मृतक छात्र नाहरकटिया के जयपुर निवासी शिबु दास का पुत्र बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को विद्यालय परिसर में लाए और न्याय की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
वहीं, दुलियाजान पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है। प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
फिलहाल, पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल