दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट का वांछित आरोपी गिरफ्तार, गड़वार पुलिस ने भेजा जेल
बलिया, उ. प्र. 11 मार्च:
गड़वार (बलिया)। थाना गड़वार पुलिस ने दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपाशंकर और क्षेत्राधिकारी नगर उस्मान के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष हितेश कुमार के नेतृत्व में गड़वार पुलिस टीम को यह सफलता मिली।
थानाध्यक्ष हितेश कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव की पीड़िता की मां की तहरीर पर 8 दिसंबर को दुष्कर्म व अन्य धाराओं में हलधरपुर थाना क्षेत्र के जमालपुर बुलंद गांव निवासी विजय चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
मंगलवार को रतसर चौकी प्रभारी नीरज कुमार यादव ने मुखबिर की सूचना के आधार पर वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायालय में पेश कर दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में रतसर चौकी प्रभारी नीरज कुमार यादव के साथ कांस्टेबल इमरान भी शामिल रहे।



















