27 Views
द्वारबंद के विद्यालय में शिलचर वनबन्धु परिषद महिला समिति ने हर्षोल्लास से मनाया होली उत्सव
शिलचर, 27 फरवरी: शिलचर वनबन्धु परिषद महिला समिति द्वारा 26 फरवरी 2026 को होली उत्सव बड़े उत्साह और सामाजिक समरसता के भाव के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम शिलचर से लगभग 30 किलोमीटर दूर द्वारबंद क्षेत्र के एक ग्राम स्थित विद्यालय में आयोजित किया गया।
समिति की चार सदस्यीय टीम—अध्यक्ष नीरू शर्मा, सचिव पूजा सारदा, मधुलिका खंडेलवाल एवं कविता खंडेलवाल—ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। विद्यालय पहुंचने पर आचार्य अपर्णा दत्ता ने सभी अतिथियों का तिलक लगाकर पारंपरिक रूप से स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय के अन्य कार्यकर्ता, ग्राम प्रमुख शंभू आंकुरा तथा लगभग 40 बच्चे भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की पूजा-अर्चना एवं ‘ॐ’ के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। इसके पश्चात बच्चों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दी गईं तथा उपहार स्वरूप पिचकारी, गुलाल और पानी के गुब्बारे वितरित किए गए। बच्चों के चेहरे पर उत्साह और आनंद स्पष्ट झलक रहा था।
उत्सव के दौरान समिति सदस्यों एवं ग्रामवासियों ने बच्चों के साथ मिलकर खिचड़ी प्रसाद ग्रहण किया तथा फ्रूटी जूस का आनंद लिया। आचार्य अपर्णा दत्ता ने विद्यालय के संचालन, शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। समिति सदस्यों ने विद्यालय के रजिस्टर का अवलोकन किया तथा ग्राम प्रमुख से विद्यालय के नियमित संचालन एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति पर चर्चा की।
सांस्कृतिक प्रस्तुति में बच्चों ने गीता मंत्रों का सस्वर पाठ किया और भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात सभी ने मिलकर पारंपरिक ढंग से होली खेली, एक-दूसरे को रंग लगाया और होली गीतों पर आनंदपूर्वक झूमे।
अंत में शांतिपाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन सामाजिक एकता, संस्कार एवं शिक्षा के प्रति समर्पण का सुंदर उदाहरण बना।
— विनीता खंडेलवाल
मीडिया प्रभारी





















