फॉलो करें

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, राजगीर (नालंदा, बिहार) में पुरातन छात्र मिलन समारोह का भव्य आयोजन

105 Views

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, राजगीर (नालंदा, बिहार) में पुरातन छात्र मिलन समारोह का भव्य आयोजन

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, राजगीर, नालंदा (बिहार) में दिनांक 27 दिसंबर 2025 को पुरातन छात्र मिलन (Alumni Meet) समारोह का भव्य एवं भावपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के लगभग 100 पूर्ववर्ती विद्यार्थी अपने-अपने परिवारों के साथ विद्यालय पधारे। वर्षों बाद अपने प्रिय विद्यालय प्रांगण में पहुँचकर पुरातन छात्रों में अपार उत्साह, भावुकता और गर्व का भाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी पुरातन विद्यार्थियों का बैज अलंकरण कर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। समारोह में उपस्थित पूर्व छात्रों ने अपने विद्यालयीन अनुभवों, संघर्षों और उपलब्धियों को साझा किया, जिससे वर्तमान विद्यार्थियों को प्रेरणा और मार्गदर्शन मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री विनीत कुमार शुक्ला ने अपने प्रभावशाली एवं प्रेरक संबोधन में कहा—
“पुरातन विद्यार्थी किसी भी विद्यालय की सबसे बड़ी पूँजी होते हैं। आप सभी की उपलब्धियाँ हमारे विद्यालय की पहचान हैं। जवाहर नवोदय विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला है। आज विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। स्मार्ट कक्षाओं, डिजिटल संसाधनों, शैक्षणिक गुणवत्ता, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। भविष्य में हम एलुमनी के सहयोग से करियर मार्गदर्शन, मेंटरशिप, संसाधन सहयोग और नवाचार को और सशक्त बनाने की योजना पर कार्य करेंगे। आप सभी का सहयोग विद्यालय को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगा।”
उनके उद्बोधन ने पुरातन छात्रों में विद्यालय के प्रति दायित्व और सहयोग की भावना को और अधिक प्रबल किया।
कार्यक्रम का संयोजन गणित शिक्षक श्री नरेश कुमार अग्रवाल द्वारा अत्यंत कुशलता से किया गया। मंच संचालन की जिम्मेदारी हिंदी शिक्षक श्री विकाश कुमार उपाध्याय एवं अंग्रेजी शिक्षक श्री राकेश कुमार सिंहा ने संयुक्त रूप से निभाई, जिन्होंने अपने प्रभावी संचालन से कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्यालय के विद्यार्थियों ने पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति को दर्शाने वाला मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। साथ ही मिथिलांचल की प्रसिद्ध लोकनृत्य ‘झिझिया’ की सुंदर प्रस्तुति ने सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का संयोजन संगीत शिक्षक श्री पप्पू कुमार द्वारा किया गया।
समारोह के अंत में श्री सुशील कुमार शर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसमें सभी अतिथियों, पुरातन छात्रों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के मेस में सभी पुरातन विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया तथा विद्यालय परिसर का भ्रमण किया। अपने पुराने कक्ष, छात्रावास और स्मृतियों को देखकर उनका उत्साह और भावनात्मक जुड़ाव स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
इस आयोजन से पूरे विद्यालय में खुशी, उत्साह और प्रेरणा का वातावरण देखने को मिला। पुरातन छात्र मिलन समारोह ने न केवल अतीत की स्मृतियों को सजीव किया, बल्कि विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक मजबूत सेतु का कार्य किया।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल