22 Views
श्रीभूमि में ‘फुटबॉल फॉर स्कूल’ कार्यक्रम के तहत फुटबॉल वितरण समारोह आयोजित
श्रीभूमि (असम), 13 फरवरी। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, श्रीभूमि में शुक्रवार को ‘फुटबॉल फॉर स्कूल’ कार्यक्रम के अंतर्गत फुटबॉल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दिन में 11:30 बजे हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सौभिक दत्त, सर्कल ऑफिसर, रामकृष्ण नगर उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम फीफा, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार तथा अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के संयुक्त प्रयासों से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य योगेश कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने स्वागतगान एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
समारोह के दौरान श्रीभूमि जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए प्राचार्यों, शिक्षकों एवं छात्रों को मुख्य अतिथि के करकमलों द्वारा सामूहिक रूप से फुटबॉल वितरित किए गए। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि खेल गतिविधियां छात्रों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने शिक्षकों से विद्यालयों में फुटबॉल को बढ़ावा देने तथा छात्रों को खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक के. मनीन्द्र सिंह ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।




















