28 Views
बड़खोला के मासिमपुर में आठ प्रहर नाम कीर्तन, दो दिनों तक गूंजा भक्तिमय माहौल
चंद्रशेखर ग्वाला बडखोला, 26 मार्च : कछार जिले के बड़खोला क्षेत्र अंतर्गत मासिमपुर पार्ट–2 गांव में विश्व शांति और आध्यात्मिक जागृति के उद्देश्य से आठ प्रहर नाम कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम में मासिमपुर, कृष्णनगर, मासिमपुर बागान, आर्डबल्लिक और द्वाराबंद सहित पांच /सात गांवों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में एकत्रित हुए।
सुबह से ही पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण व्याप्त हो गया। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से आयोजन स्थल पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंग गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए दिनभर व्यापी भंडारे की भी विशेष व्यवस्था की गई, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।
नाम कीर्तन में नित्यानंद संप्रदाय, राधाकृष्ण संप्रदाय और भाई-भाई संप्रदाय के कीर्तन मंडलियों ने अपने मधुर भजनों और संकीर्तन से उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। उनके सुमधुर कीर्तन से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।
यह धार्मिक आयोजन लगातार दो दिनों तक चला, जिसके दौरान पूरे इलाके में भक्ति, श्रद्धा और शांति का अद्भुत संगम देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और विश्व शांति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।




















