बरम बाबा मंदिर में अमित कलवार का शक्ति प्रदर्शन, समर्थकों का दावा—“भारी मतों से होगी जीत”
शिवकुमार, शिलकुड़ी, 30 मार्च: ऐतिहासिक तीर्थ स्थल बरम बाबा मंदिर परिसर में रविवार को विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र एक भव्य धार्मिक आयोजन के साथ राजनीतिक सक्रियता भी देखने को मिली। संभावित उम्मीदवार अमित कलवार ने अपने समर्थकों के साथ विशेष विष्णु यज्ञ का आयोजन कर शक्ति प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में 11 पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। यज्ञ के दौरान क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और असम के समग्र विकास की कामना की गई। आयोजन में बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से सूरज नाथ ग्वाला, चंदन नाग, मोतीलाल नूनिया, शैलेन राय, अरुण राय, रोशन लाल गौड़, रामरतन दुसाध, श्याम सुंदर दुसाध और साबुल मियां सहित कई लोग मौजूद थे।
इस मौके पर अमित कलवार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह आयोजन उनकी आस्था का हिस्सा है, न कि केवल चुनावी रणनीति। उन्होंने बताया कि वे हर वर्ष इस प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान करते हैं और इस बार भी गुरुओं, बुजुर्गों एवं आम जनता का आशीर्वाद प्राप्त करने के उद्देश्य से यज्ञ कराया गया है।
उन्होंने कहा, “मैंने यहाँ विष्णु यज्ञ का आयोजन असम की उन्नति और क्षेत्र के विकास की कामना से किया है। सभी श्रद्धालुओं और प्रशासन से जुड़े लोगों को आमंत्रित किया गया है। जो भी अपनी श्रद्धा अनुसार आहुति देना चाहता है, उसके लिए पूरी व्यवस्था की गई है।”
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि वे जनता के आशीर्वाद के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं। “जनता और गुरुओं का आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। मैं चाहता हूँ कि क्षेत्र के लोग मेरे साथ मिलकर विकास की दिशा में आगे बढ़ें,” उन्होंने जोड़ा।
वहीं, पूर्व जिला परिषद सदस्य चंदन नाग ने दावा किया कि इस बार अमित कलवार भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार का कोई विशेष प्रभाव नहीं दिख रहा है और जनता का रुझान पूरी तरह अमित कलवार के पक्ष में है।
स्थानीय स्तर पर इस कार्यक्रम को धार्मिक आस्था और जनसंपर्क अभियान के संगम के रूप में देखा जा रहा है, जहां एक ओर पूजा-अर्चना के जरिए आध्यात्मिक माहौल बना, वहीं दूसरी ओर चुनावी गतिविधियों की स्पष्ट झलक भी देखने को मिली।



















