13 Views
बराक घाटी को बड़ी सौगात: 14 मार्च को शिलचर मिनी सचिवालय के लोकार्पण के साथ कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे प्रधानमंत्री
चंद्रशेखर ग्वाला शिलचर, 13 मार्च : बराक घाटी की जनता को अब प्रशासनिक कार्यों के लिए दिसपुर स्थित सचिवालय तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। शिलचर के निकट कछाड़ जिले के श्रीकोना क्षेत्र में नवनिर्मित असम मिनी सचिवालय का लोकार्पण 14 मार्च को दोपहर साढ़े बारह बजे भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कर-कमलों से किया जाएगा। प्रधानमंत्री एक दिवसीय दौरे पर शिलचर आ रहे हैं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री बुधुराईल बाईपास स्थित सभास्थल से बराक घाटी के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। इनमें शिलचर–बड़ापानी एक्सप्रेसवे तथा शिलचर का बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर सहित अन्य विकास परियोजनाएं शामिल हैं। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
असम सरकार द्वारा बराक घाटी के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत बनाने के उद्देश्य से इस मिनी सचिवालय का निर्माण किया गया है। इसके शुरू होने के बाद बराक घाटी के तीनों जिलों—काछाड़, करीमगंज और हाइलाकांदी—के लोगों को कई प्रशासनिक कार्यों के लिए गुवाहाटी स्थित दिसपुर सचिवालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
मिनी सचिवालय के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे आम जनता को काफी सुविधा मिलेगी और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी। लंबे समय से बराक घाटी के लोग ऐसी व्यवस्था की मांग कर रहे थे, ताकि क्षेत्रीय स्तर पर ही सरकारी कार्यों का समाधान हो सके।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात तथा कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन का अनुमान है कि इस ऐतिहासिक अवसर पर दो लाख से अधिक लोगों की उपस्थिति हो सकती है।
यह मिनी सचिवालय बराक घाटी के प्रशासनिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।




















