बराक घाटी में 23वीं धन्वंतरी सेवा यात्रा, 25 डॉक्टर, 25 शिविरों में देंगे निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं
शिलचर: हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी केशव स्मारक संस्कृति सुरभि द्वारा आयोजित 23वीं धन्वंतरी सेवा यात्रा के तहत बराक घाटी के दूरदराज़ और वंचित क्षेत्रों में व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इस सेवा यात्रा के अंतर्गत देश के विभिन्न प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों से आए 25 चिकित्सक आगामी 2 फरवरी से 7 फरवरी तक चाय बागान क्षेत्रों, ग्रामीण इलाकों और भारत–बांग्लादेश सीमा से सटे क्षेत्रों में निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं देंगे।
संस्था के अध्यक्ष श्री शुभ्रांशु शेखर भट्टाचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व वर्षों में विदेशी चिकित्सक भी इस सेवा यात्रा में भाग ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस बार कछार जिले के संयुक्त निदेशक, स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से पर्याप्त मात्रा में दवाइयों की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने आगे बताया कि इस महाअभियान में नेशनल मेडिकोज़ ऑर्गनाइजेशन, आयुर्वेदिक मेडिकल ऑर्गनाइजेशन (शिलचर शाखा) तथा शिलचर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों का सक्रिय सहयोग मिल रहा है। बराक घाटी के तीनों जिलों में कुल 25 मेडिकल शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
संस्था ने समाज के सभी वर्गों से इस जनसेवा अभियान में सहभागिता निभाने और अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाने की अपील की है।




















