26 Views
बराक से चुनावी अभियान की शुरुआत, कांग्रेस पर सर्वानंद सोनोवाल का तीखा प्रहार:
शिलचर, 27 मार्च (रानु दत्ता):
केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को शिलचर से अपने चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दशकों तक बराक घाटी को विकास से वंचित रखा और क्षेत्र को अलग-थलग बनाए रखा।
शिलचर के एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में जब भाजपा पहली बार असम में सत्ता में आई, तब पार्टी ने बराक और ब्रह्मपुत्र घाटी को समान विकास और सम्मान देने का संकल्प लिया था। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने कम समय में वह उपलब्धियां हासिल की हैं, जो पूर्ववर्ती सरकारें लंबे समय में भी नहीं कर सकीं।
सोनोवाल ने कहा कि पहले बराक घाटी के भीतर आवागमन बेहद कठिन था, लेकिन आज सड़क, रेल और बुनियादी ढांचे में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजधानी एक्सप्रेस सहित 20 से अधिक ट्रेनों का शिलचर तक विस्तार हुआ है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 55 वर्षों के शासन के बावजूद पार्टी बराक में एक गुणवत्तापूर्ण मेडिकल कॉलेज तक स्थापित नहीं कर सकी, जबकि भाजपा ने यहां मिनी सचिवालय का निर्माण कराया और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत किया।

सभा में भाजपा प्रत्याशियों के प्रति जनता के उत्साह का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिलचर के स्पोर्टिंग फील्ड में उमड़ी भीड़ इस बात का स्पष्ट संकेत है कि लोग विकास की राजनीति के साथ खड़े हैं। उन्होंने शिलचर से भाजपा उम्मीदवार डॉ. राजदीप रॉय और बरखोला से उम्मीदवार किशोरनाथ के समर्थन में प्रचार किया।
सोनोवाल ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में बराक घाटी में अभूतपूर्व विकास हुआ है और अब लोग “अंधकारमय दौर” में वापस नहीं जाना चाहते। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता एक बार फिर “कमल” के पक्ष में भारी मतदान कर नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल को आगे बढ़ाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार बराक नदी को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्ग के रूप में विकसित कर रही है, जिससे भविष्य में यह क्षेत्र दक्षिण-पूर्व एशिया के एक महत्वपूर्ण आर्थिक केंद्र के रूप में उभर सकता है।
इस अवसर पर सांसद परिमल शुक्लबैद्य, कणाद पुरकायस्थ, जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




















