27 Views
बलिदानी मंगल पांडेय की स्मृति में शिलचर में 26 अप्रैल को होगा भव्य सम्मान समारोह
शिलचर, 12 अप्रैल: देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के वीर नायक मंगल पांडेय की स्मृति में शिलचर में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस संदर्भ में आज शहर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 26 अप्रैल को विमेंस कॉलेज, शिलचर में कार्यक्रम आयोजित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि समारोह के दौरान मंगल पांडेय के जीवन, उनके बलिदान और 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही, बराक घाटी के विशिष्ट समाजसेवियों को सम्मानित करने की भी योजना बनाई गई है।
बैठक की अध्यक्षता ज्योतिष आचार्य पंडित रामेश्वर शास्त्री ने की। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय की गईं। राजन कुंवर को कार्यक्रम संयोजक, शिवकुमार और प्रमोद शाह को सह-संयोजक तथा राहुल नुनिया को आय-व्यय निरीक्षक नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर बलिदानी मंगल पांडेय स्मृति न्यास के चेयरमैन कमलेश सिंह ने संदेश जारी कर सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक का संचालन महासचिव दिलीप कुमार ने किया। बैठक में रामनारायण नुनिया, भोलानाथ यादव, श्रीमती सुतापा चक्रवर्ती, श्रीमती सीमा कुमार, द्वारका प्रसाद, जवाहरलाल पांडेय एवं विक्रम सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




















