15 Views
मंत्री कौशिक राय ने काछार में लगभग 12 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास
चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर, 13 मार्च :
असम में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राज्य सरकार विकास कार्यों को गति देने में जुटी हुई है। इसी क्रम में राज्य के मंत्री कौशिक राय कछाड़ जिले के लखीपुर और बरखोला विधानसभा क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया तथा एक संगठनात्मक कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान लगभग 12 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं की उद्घाटन एवं आधारशिला रखी गई। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में शिक्षा, सड़क संपर्क और बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
लखीपुर विधानसभा क्षेत्र में जोगाई मथुरा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नए भवन के निर्माण का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना पर लगभग 4.48 करोड़ रुपये की लागत आएगी। भवन के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की संभावना है।
इसी अवसर पर राजाबाजार भाजपा मंडल कार्यालय का भी विधिवत उद्घाटन किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन को मजबूत करने और आम जनता के साथ संपर्क बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
वहीं बरखोला विधानसभा क्षेत्र में भी कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। यहां शीलकुड़ी सड़क से पूर्व धरमखाल को जोड़ने वाले पुल का शिलान्यास किया गया, जिसकी अनुमानित लागत करीब 2.3 करोड़ रुपये है। पुल के निर्माण से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
इसके अतिरिक्त धरमखाल पीडब्ल्यूडी से ए सी एम ई विद्यालय के मैदान तक सड़क निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इस सड़क परियोजना पर लगभग 2.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
साथ ही बारिकनगर पीडब्ल्यूडी से बारिकनगर काली मंदिर तक सड़क निर्माण परियोजना की भी आधारशिला रखी गई, जिस पर करीब 2.4 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। इस अवसर पर मंत्री के साथ कछाड़ जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा, मणिपुरी डेवेलपमेन्ट काउंसिल के अध्यक्षा रीणा सिंह, जिला भाजपा उपाध्यक्ष संजय कुमार ठाकुर, कछाड़ जिला परिषद उपाध्यक्ष दिब्यजोति बाउरी, सहित जिला भाजपा के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और ग्रामीण इलाकों के विकास को नई दिशा मिलेगी। वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इन विकास कार्यों का क्षेत्र की राजनीति पर भी प्रभाव पड़ सकता है।




















