मादक पदार्थ विरोधी अभियान में बड़ी सफलता, 10 हजार याबा टैबलेट बरामद, एक गिरफ्तार
श्रीभूमि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करिमगंज पुलिस ने 10,000 याबा टैबलेट बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को विश्वसनीय स्रोत से सूचना मिली थी कि काले रंग की एक मारुति सुजुकी वैगनआर (पंजीकरण संख्या AS-10B-0588) कालाछड़ा से बालिया की ओर प्रतिबंधित एनडीपीएस मादक पदार्थ याबा टैबलेट लेकर जा रही है। सूचना मिलते ही कालिगंज पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई माहिदुल जमां ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नीलमबाजार थाना प्रभारी (ओसी) के साथ संयुक्त अभियान शुरू किया।
कालाछड़ा क्षेत्र में नाका चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर चालक को हिरासत में लिया गया। आरोपी की पहचान कबीर अहमद (पिता– साहाब उद्दीन), निवासी तमुयाबाजार, थाना नीलमबाजार के रूप में हुई है।
कानूनी औपचारिकताओं का पालन करते हुए स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन की पिछली सीट पर रखे काले रंग के प्लास्टिक बैग से एक बड़ा भूरा पैकेट बरामद हुआ। पैकेट की जांच करने पर उसमें से कुल 10,000 संदिग्ध याबा टैबलेट बरामद की गईं। इसके अलावा आरोपी के पास से एक नोकिया कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
बरामद मादक पदार्थ और अन्य सामान को विधि अनुसार जब्त कर लिया गया है तथा आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बरामद याबा टैबलेट की अनुमानित खुदरा बाजार कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





















