फॉलो करें

मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा बेगूसराय जेल में सत्संग समारोह का आयोजन

32 Views
मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा बेगूसराय जेल में सत्संग समारोह का आयोजन
बेगूसराय, बिहार 22 फरवरी:
विख्यात एवं प्रतिष्ठित समाजसेवी, मानव धर्म के प्रणेता परम पूज्य सद्गुरुदेव श्री सतपाल जी महाराज की प्रेरणा से मानव उत्थान सेवा समिति, हंस भक्तिधाम आश्रम, बाघा (बेगूसराय) के तत्वावधान में बेगूसराय जेल में दिनांक 21 फरवरी को दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक सत्संग समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु वंदना एवं मधुर भजनों से हुआ। भजन कलाकारों ने अपने सुमधुर भजनों के माध्यम से वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया।
 मोतिहारी से आश्रम प्रभारी महात्मा ज्ञानयुक्तानंद जी, बेगूसराय आश्रम प्रभारी महात्मा संगीता बाई जी, जिला प्रधान भोला ठाकुर, प्रमोद कुमार सिंह, मानव सेवादल के संजीत कुमार, पम्मी देवी, प्रेमी निर्मल जी, नन्दु जी, बैजनाथ जी, नाथो जी सहित अनेक गणमान्य कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
महात्मा ज्ञानयुक्तानंद जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि गुरु महाराज एवं संत-महात्मा मानव को महामानव बना देते हैं। जैसे रामकृष्ण परमहंस ने नरेंद्र को स्वामी विवेकानंद बनाया। अंगुलिमाल गौतम बुद्ध के संपर्क में आकर भिक्षु बन गया। रत्नाकर, नारद के संपर्क में आकर वाल्मीकि बने। इसलिए हमारे जीवन में सत्संग और महापुरुषों का सान्निध्य प्राप्त करना अत्यंत आवश्यक है।
बेगूसराय आश्रम प्रभारी महात्मा संगीता बाई जी ने अपने सत्संग विचार व्यक्त करते हुए कहा—
“सठ सुधरे सत्संग पाई, पारस परस कूधातु सोहाई।”
अर्थात सत्संग से दुष्ट व्यक्ति भी सुधर जाता है, जैसे पारस पत्थर के स्पर्श से लोहा सोना बन जाता है। उसी प्रकार सच्चे सद्गुरु एवं संत-महात्माओं के संपर्क में आने से मानव, महामानव बन जाता है।
महात्मा संगीता बाई जी ने जेलर साहब, जेल अधीक्षक श्री विदुर जी, जेल उपाधीक्षक श्री कुन्दन कुमार जी तथा जेल के सभी अधिकारीगण एवं सदस्यों को कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करने हेतु मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जेल उपाधीक्षक श्री कुन्दन कुमार जी, मंडल करागार अधिकारी प्रमोद जी सहित अन्य अधिकारीगण एवं लगभग 250 बंदी उपस्थित रहे। अंत में जेल उपाधीक्षक श्री कुन्दन कुमार जी ने महात्मा जी से अनुरोध किया कि इस प्रकार का सत्संग कार्यक्रम प्रत्येक माह जेल में आयोजित किया जाए।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल