44 Views
बॉलीवुड के गलियारों से एक ऐसा किस्सा सामने आया है, जिसने बरसों पुराने राज से पर्दा उठा दिया है. शो-मैन राज कपूर अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म सत्यम शिवम सुंदरम में राजेश खन्ना को कास्ट करना चाहते थे, लेकिन ऐन मौके पर उन्हें अपना फैसला बदलना पड़ा. इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह थे उनके अपने बेटे, खासकर ऋषि कपूर. ऋषि के कड़े विरोध और पारिवारिक तनाव के आगे राज कपूर को झुकना पड़ा. उन्होंने राजेश खन्ना के जन्मदिन की पार्टी में जाकर भारी मन से कहा था कि मैं हार गया और फिल्म का ऑफर वापस ले लिया. सालों बाद ऋषि कपूर ने अपनी किताब में इस कड़वाहट की वजह और अपने पछतावे का जिक्र किया.
नई दिल्ली. राज कपूर एक बार राजेश खन्ना के साथ काम करने वाले थे. फिल्म सत्यम शिवम सुंदरम (1978) के लिए काका को कास्ट करने का मन बना चुके थे. सब कुछ तय था, यहां तक कि फिल्म के ऐलान का वक्त भी करीब आ गया था. मगर ऐन मौके पर राज कपूर ने अपने कदम पीछे खींच लिए. आखिर उस आखिरी घड़ी में ऐसा क्या हुआ कि बात बनते-बनते बिगड़ गई? सालों बाद राजेश खन्ना की पार्टनर अनीता आडवाणी ने उस दिन का वह सच बताया, जो अब तक छिपा हुआ था.
विक्की लालवानी को दिए इंटरव्यू में अनीता ने बताया, ‘सत्यम शिवम सुंदरम इसलिए नहीं बन पाई क्योंकि राज कपूर के बेटे नहीं चाहते थे कि फिल्म में राजेश खन्ना को लिया जाए . उन्होंने विरोध करते हुए कहा था कि जब घर में ही इतने सारे हीरो मौजूद हैं, तो किसी बाहरी एक्टर को लाने की क्या जरूरत है? इसे लेकर परिवार में काफी तनाव था.’
राज कपूर ने राजेश खन्ना को फिल्म से किया बाहर
अनीता ने बताया, ‘उस दिन राजेश खन्ना का जन्मदिन था. उन्होंने एक बहुत बड़ी पार्टी रखी थी और उसी शाम राज कपूर फिल्म का ऑफिशियल अनाउंसमेंट करने वाले थे. पूरी तैयारी थी कि पार्टी देर रात तक चलेगी, लेकिन राजजी शाम करीब 5 बजे ही वहां पहुंच गए. उन्होंने भारी मन से कहा कि मुझे माफ कर देना, पर मैं हार गया. मैं तुम्हारे साथ यह फिल्म नहीं बना पाऊंगा और बस इतना कहकर वो वहां से चले गए.’ इस तरह अपने जमाने के दो दिग्गजों का साथ काम करने का सपना शुरू होने से पहले ही टूट गया.




















