29 Views
राम जन्मभूमि विश्व हिंदुओं की आस्था का केंद्र: अम्बरीश सिंह
तीर्थाटन मंत्रालय गठन और धार्मिक शिक्षा में समान अधिकार की मांग
शिलचर, 23 फरवरी (विशेष प्रतिनिधि): विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री, विशेष संपर्क प्रमुख एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता अम्बरीश सिंह ने कहा कि राम मंदिर केवल एक मंदिर का विषय नहीं, बल्कि समस्त हिंदू समाज की आस्था का केंद्र है। उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि का महत्व वैश्विक है और यह किसी एक राज्य या क्षेत्र तक सीमित नहीं है।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मुसलमानों के लिए मक्का और ईसाइयों के लिए जेरूसलम का महत्व है, उसी प्रकार हिंदुओं के लिए राम जन्मभूमि सर्वोच्च आस्था का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि राम भारत की सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं और समाज को इस विषय को व्यापक दृष्टिकोण से समझना चाहिए।
अम्बरीश सिंह ने कहा कि 1951 की जनगणना में भारत में हिंदुओं की जनसंख्या 83% थी, वह 79% कैसे हो गई? मुसलमान जो 9% थे 14% कैसे हो गए? इस पर चर्चा क्यों नहीं होती। देश में जनसंख्या असंतुलन, तीर्थाटन मंत्रालय के गठन तथा संविधान की धाराओं 29 और 30 में संशोधन की आवश्यकता पर भी विचार रखा। उन्होंने कहा कि धार्मिक शिक्षा के अधिकार में समानता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि सभी समुदायों को अपनी परंपराओं के अनुरूप शिक्षा प्रदान करने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व विरोधी शक्तियां रोज नए-नए नैरेटिव गढ़ती है हिंदू समाज में विभाजन लाने के लिए। मॉब लिंचिंग का नैरेटिव गढ़ दिया गया किंतु हिंदुओं के साथ जब कुछ होता है तो यही मॉब लिंचिंग का हल्ला करने वाले चुप रहते हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विश्व हिंदू परिषद केवल आंदोलनात्मक संगठन नहीं है, बल्कि स्थापना काल से ही सेवा, संस्कार और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। संगठन के कार्यों और उद्देश्यों की सही जानकारी समाज तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी उन्होंने बल दिया।
कार्यक्रम में विशेष प्रांत संपर्क प्रमुख प्रदीप गोस्वामी ने स्वागत भाषण दिया, जबकि सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता शांतनु नायक ने की। गोपी व्रत गोस्वामी ने कार्यक्रम का संचालन किया।
सभा में उदय शंकर गोस्वामी, पूर्ण चंद मंडल, डॉ. बैकुंठ ग्वाला, देवव्रत पाल, रतीश दास, धीरेंद्र जी तथा वरिष्ठ पत्रकार दिलीप कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।




















