फॉलो करें

विश्व कैंसर दिवस पर शिलचर में जागरूकता व पैप स्मीयर जांच शिविर का भव्य आयोजन

103 Views
विश्व कैंसर दिवस पर शिलचर में जागरूकता व पैप स्मीयर जांच शिविर का भव्य आयोजन
 शिलचर, 4 फरवरी 2026:
विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल, शिलचर शाखा की ओर से मेहरपुर स्थित कछार कैंसर अस्पताल परिसर में एक विशेष जागरूकता एवं पैप स्मीयर जांच शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को कैंसर के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच के लिए प्रेरित करना तथा स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार बनाना था। इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं विशेषज्ञ चिकित्सक डॉक्टर सुभद्रा ग्वाला ने महिलाओं को संबोधित करते हुए बताया कि संगठन द्वारा अब तक तीन जिलों में लगभग 12 से 13 हजार महिलाओं की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में तेजी से बढ़ती गंभीर बीमारी है, लेकिन समय रहते जांच कराने से इसका इलाज संभव है। डॉ. ग्वाला ने विस्तार से बताया कि पैप स्मीयर जांच के माध्यम से शुरुआती अवस्था में ही कैंसर की पहचान की जा सकती है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें और नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराएं। कार्यक्रम के दौरान तेरापंथ महिला मंडल की सभापति ने सभी डॉक्टरों, नर्सों एवं अस्पताल कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉक्टर केवल बीमारी का इलाज ही नहीं करते, बल्कि मरीजों को मानसिक रूप से मजबूत बनाकर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने कहा कि आज डॉक्टरों द्वारा दी गई जानकारी से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है। सभापति ने कहा कि आज शिविर में शामिल होकर जांच कराने वाली सभी महिलाएं सराहना की पात्र हैं, क्योंकि उन्होंने अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी है। यह कदम न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए भी एक सकारात्मक संदेश है। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष सुमन जी एवं रचना जी के प्रयासों की भी सभी वक्ताओं ने सराहना की। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। वक्ताओं ने बताया कि संगठन वर्ष 2002 से काछार कैंसर अस्पताल के साथ जुड़कर स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। महिला मंडल द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियान, निःशुल्क जांच शिविर और परामर्श कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की सेवा, समर्पण और मानवता की सभी ने प्रशंसा की। कहा गया कि ऐसे सेवा भाव से ही समाज को स्वस्थ और मजबूत बनाया जा सकता है। समारोह के अंत में संस्था की ओर से सभी डॉक्टरों एवं चिकित्सा कर्मियों को मानपत्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही, जिससे आयोजन पूरी तरह सफल रहा।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल