28 Views
विश्व क्षय रोग दिवस पर हाइलाकांदी में जागरूकता कार्यक्रम, टीबी मुक्त भारत अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ
प्रीतम दास हाइलाकांदी, २४ मार्च: विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर हाइलाकांदी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कार्यालय में एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न स्तरों के स्वास्थ्यकर्मियों एवं अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति देखी गई, जिससे कार्यक्रम और अधिक प्रभावी एवं जीवंत बन गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं के संयुक्त निदेशक डॉ. कामाई थाम्बलिंघा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मरूफ आलम बरभुइया तथा जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अब्दुल वादुद विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम के महत्व को और भी बढ़ा दिया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा कि डॉ. अब्दुल वादुद ने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत १०० दिवसीय विशेष अभियान के दूसरे चरण का औपचारिक शुभारंभ किया। इस चरण का प्रमुख उद्देश्य आम जनता के बीच क्षय रोग के कारणों प्रारंभिक लक्षणों तथा इसके बचाव के उपायों के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाना है। वक्ताओं ने अपने संबोधन में क्षय रोग उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार आगामी वर्ष से एसीआरडी के सहयोग से विश्व क्षय रोग दिवस को और अधिक व्यापक स्तर पर तथा जनभागीदारी के साथ मनाने की योजना बनाई गई है। हालांकि वर्तमान में चल रहे विधानसभा चुनाव एवं आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण इस वर्ष कार्यक्रम को सीमित दायरे में आयोजित करना पड़ा।इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के समक्ष एक महत्वपूर्ण मांग भी रखी गई जिसके माध्यम से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर में सुधार तथा क्षय रोग नियंत्रण गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आशा व्यक्त की।




















