‘शिक्षा सेतु’ ऐप हैक कर घर बैठे उपस्थिति दर्ज करने का आरोप, शिक्षा जगत में आक्रोश
गौतम सरकार | शनबिल | 29 जनवरी
रामकृष्णनगर शिक्षा खंड के अंतर्गत 1292 नंबर हरेंद्रनाथ एल.पी. स्कूल में गंभीर अनियमितता सामने आई है। विद्यालय की एक शिक्षिका सागरिका नाथ पर आरोप है कि उन्होंने राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए ‘शिक्षा सेतु’ ऐप को हैक कर स्कूल आए बिना ही घर बैठे अपनी उपस्थिति दर्ज कर रही हैं।
गौरतलब है कि राज्य के शिक्षा मंत्री रणोज पेगु के निर्देश पर सभी सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ‘शिक्षा सेतु’ ऐप लागू किया गया था। लेकिन आरोप है कि कुछ शिक्षक-शिक्षिकाएं इस आदेश की अवहेलना कर रही हैं।
विद्यालय के एसएमसी (स्कूल प्रबंधन समिति) सदस्यों के अनुसार, शिक्षिका सागरिका नाथ ने शुरुआत में लगभग एक महीने तक नियमित रूप से स्कूल में उपस्थिति दर्ज कराई, लेकिन उसके बाद अवकाश लेकर कहीं अन्यत्र चली गईं। चार महीने बीत जाने के बावजूद वह स्कूल नहीं लौटीं।
इस बीच, विद्यालय के प्रधान शिक्षक ने एसएमसी सदस्यों को बुलाकर जानकारी दी कि सागरिका नाथ स्कूल आए बिना भी ‘शिक्षा सेतु’ ऐप में उपस्थित दिखाई दे रही हैं। प्रधान शिक्षक के अनुसार, विद्यालय में कुल तीन शिक्षक-शिक्षिकाएं हैं, लेकिन सागरिका नाथ पिछले चार महीनों से अनुपस्थित हैं और किसी अन्य स्थान पर रह रही हैं। इसके बावजूद 22 जनवरी से उनकी उपस्थिति ऐप में दर्ज हो रही है।
इस घटना को लेकर शिक्षा जगत में गहरा आक्रोश है। आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद शिक्षा विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। अभिभावकों का कहना है कि इस लापरवाही के कारण विद्यालय के 122 छात्र-छात्रियों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है।
अभिभावकों और एसएमसी सदस्यों ने दोषी शिक्षिका के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है, साथ ही ‘शिक्षा सेतु’ ऐप की सुरक्षा प्रणाली को और मजबूत करने के लिए शिक्षा मंत्री रणोज पेगु और जिला आयुक्त का ध्यान आकर्षित किया है।




















