शिलचर | 21 जुलाई –शिलकुड़ी जनकल्याण संस्था द्वारा आयोजित “स्व. कमलकांत धर मेमोरियल प्राइज़मनी फुटबॉल प्रतियोगिता” को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय मैदान में हो रही इस प्रतियोगिता में अब तक 32 क्लबों ने भागीदारी की पुष्टि की है।यह प्रतियोगिता 13 जुलाई से शुरू हुई है, और हर दिन एक-एक मैच आयोजित किया जा रहा है। आगामी 13 अगस्त को इसका फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
विजेताओं को मिलेंगे नगद पुरस्कार व ट्रॉफी:
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 51,000 रुपये नकद और एक भव्य ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 30,500 रुपये नकद के साथ ट्रॉफी दी जाएगी।
इसके अलावा, “मैन ऑफ द टूर्नामेंट” को 51,000 रुपये नकद और ट्रॉफी तथा फाइनल मुकाबले के “मैन ऑफ द मैच” को 3,000 रुपये नकद व ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन में सहयोग और प्रेरणा:
इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में कई स्थानीय लोग आगे आए हैं। शिलकुड़ी जनकल्याण संस्था को स्थानीय समाजसेवी नीलू धर ने 14 बीघा जमीन दान में दी है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को खेल के प्रति और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा। संस्था के अधिकारियों ने आशा जताई है कि इस पहल से क्षेत्र में नई प्रतिभाओं का विकास होगा।
प्रतियोगिता के समापन समारोह एवं फाइनल मैच के अवसर पर कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति तय है, जिनमें सांसद परिमल शुक्लबैद्य, विधायक निहार रंजन दास, बराख घाटी विकास मंत्री कौशिक राय, मंत्री कृष्णेंदु पाल, पूर्व विधायक किशोर नाथ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।
आयोजन समिति में शामिल प्रमुख व्यक्ति:
इस आयोजन को सफल बनाने में हरेन्द्र चंद्र दास (तपंग ब्लॉक अध्यक्ष), समाजसेवी विश्वजीत दास, अरविंद दास, दीपक दास, विष्णु लाल दास, संस्था के अध्यक्ष माधव चंद्र दास और सचिव विजय दास ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
शिलकुड़ी जनकल्याण संस्था ने इस एक महीने की प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की है।



















