शिलचर का गौरव! राष्ट्रीय पैरा टेबल टेनिस में विप्रजीत देव ने जीता कांस्य पदक
शिलचर के उभरते पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी विप्रजीत देव ने में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर असम का नाम रोशन किया है। यह उनकी पहली राष्ट्रीय स्तर की बड़ी सफलता है, जिससे पूरे बराक घाटी में हर्ष की लहर है।
टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में उन्हें तेलंगाना के हितेश के खिलाफ 1-3 गेम से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, इससे पहले क्वार्टर फाइनल में उन्होंने पश्चिम बंगाल के गौरव को 3-0 से तथा प्री-क्वार्टर फाइनल में गजानंद को 3-0 से हराकर पदक सुनिश्चित कर लिया था। क्वालीफाइंग राउंड में भी उन्होंने लगातार तीन मैच जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
उल्लेखनीय है कि विप्रजीत ने चेन्नई में आयोजित पैरा रैंकिंग प्रतियोगिता में भी कांस्य पदक हासिल किया था, जिससे उनकी राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर प्रगति स्पष्ट होती है।
अंबिकापट्टी निवासी विप्रजीत देव वर्तमान में तारापुर केंद्रीय विद्यालय की सातवीं कक्षा के छात्र हैं। वे अपने माता-पिता विश्वजीत देव और मिताली देव के इकलौते पुत्र हैं। कम उम्र में ही उन्होंने अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत से खेल जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है।
शिलचर डीएसए अकादमी के कोच पार्थ देव और शुभाशीष चक्रवर्ती ने उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा, “विप्रजीत ने असम को गौरवान्वित किया है। यह तो बस शुरुआत है, आगे वह और ऊंचाइयों को छुएंगे।”
अंबिकापट्टी क्षेत्र तथा विद्यालय परिवार में भी इस उपलब्धि को लेकर उत्सव जैसा माहौल है। पूरे शिलचर की ओर से विप्रजीत देव को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।




















