फॉलो करें

शिलचर के मेहरपुर बटेरतल में विशाल अजगर मिलने से हड़कंप, घर के भीतर से किया गया रेस्क्यू

546 Views

शिलचर | 21 जुलाई 2025-शिलचर के मेहरपुर बटेरतल क्षेत्र में आज तड़के एक घर के भीतर से विशालकाय अजगर बरामद किया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना नेताजी सरणी और थर्ड लिंक रोड के मिलनस्थल के समीप की है, जहां एक स्थानीय निवासी के घर में यह अजगर घुस आया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी अजमल हक लस्कर अपने टीन के बने घर में परिवार समेत सोए हुए थे। तड़के लगभग 4 बजे के आसपास उन्होंने घर के अंदर कुछ असामान्य आवाज़ें सुनीं। पहले तो उन्हें लगा कि शायद कोई चोर घुस आया है, लेकिन जब उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली और आखिर में टॉर्च की रोशनी में बिस्तर के नीचे देखा, तो उनके होश उड़ गए—वहाँ एक विशाल अजगर कुंडली मारे पड़ा था।

घटना की सूचना मिलते ही रंगीरखाड़ी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुँची। स्थानीय लोगों की सहायता से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 5 बजे अजगर को सुरक्षित रूप से पकड़कर एक बोरे में बंद किया गया, और पुलिस उसे अपने साथ ले गई।

विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार हो रही जंगलों की अंधाधुंध कटाई और पर्यावरण असंतुलन की वजह से वन्य जीवों को भोजन की तलाश में अब मानव बस्तियों की ओर रुख करना पड़ रहा है। यही कारण है कि यह अजगर भी संभवतः जंगल से भटककर रिहायशी इलाके में घुस आया।

यह घटना एक बार फिर पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता की ओर ध्यान आकर्षित करती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों से निपटने के लिए वन विभाग को सक्रिय किया जाए और इलाके में गश्त बढ़ाई जाए।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल