19 Views
शिलचर में इंटर बराक महिला क्रिकेट चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज़, फाइनल 11 अप्रैल को
शिलचर,1 अप्रैल : कछार जिले में पहली बार हिंदी और बंगला समाचार माध्यम ‘बराक वार्ता’ के तत्वावधान में इंटर बराक वुमेंस क्रिकेट चैंपियंस ट्रॉफी का शुभारंभ बुधवार, 1 अप्रैल को शिलचर जिला क्रीड़ा संघ के मैदान में हुआ। इस प्रतियोगिता में बराक घाटी की कुल छह टीमें भाग ले रही हैं। मैच निर्धारित 12 ओवर के प्रारूप में खेले जा रहे हैं, जबकि फाइनल मुकाबला 20 ओवर का होगा।
उद्घाटन दिवस पर पहला मैच सुबह 8:30 बजे सिलचर डी एस ए अकादमी वुमेंस ग्रुप और सिलचर डी एस ए अकादमी जूनियर ग्रुप के बीच खेला गया। दूसरा मुकाबला सुबह 10:30 बजे लखीपुर डी एस ए वुमेंस फाइटर्स और श्रीभूमि वुमेंस स्मैशर्स के बीच हुआ। तीसरा मैच दोपहर 1 बजे हाइलाकांदी डी एस ए वुमेंस वॉरियर्स और सिलचर डी एस ए अकादमी वुमेंस ग्रुप के बीच आयोजित किया गया।
इस बीच, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बराक घाटी दौरे को देखते हुए प्रतियोगिता के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। चुनाव आयोग की अनुमति से कछार जिला भाजपा ने 2 अप्रैल से कुछ दिनों के लिए जिला क्रीड़ा संघ का मैदान उपयोग करने की अनुमति ली है। इसके चलते आयोजकों को दूसरा राउंड और फाइनल मुकाबले की तिथियों में परिवर्तन करना पड़ा।
अब प्रतियोगिता का दूसरा राउंड 10 अप्रैल (शुक्रवार) को और फाइनल मैच 11 अप्रैल (शनिवार) को आयोजित किया जाएगा। 10 अप्रैल को सुबह 8:30 बजे बदरपुर वुमेंस रॉकर्स और लखीपुर डी एस ए वुमेंस फाइटर्स के बीच पहला मैच होगा। दूसरा मैच सुबह 10:30 बजे श्रीभूमि वुमेंस स्मैशर्स और लक्षीपुर डी एस ए वुमेंस फाइटर्स के बीच खेला जाएगा। तीसरा मुकाबला दोपहर 1 बजे श्रीभूमि वुमेंस स्मैशर्स और बदरपुर वुमेंस रॉकर्स के बीच होगा। जिन दो टीमों के 4-4 अंक होंगे, वे सीधे फाइनल में प्रवेश करेंगी।
फाइनल मुकाबला 11 अप्रैल को सुबह 10 बजे से खेला जाएगा। मौसम अनुकूल रहने पर यह 20 ओवर का होगा, अन्यथा 15 या 12 ओवर में भी खेला जा सकता है। पूरी प्रतियोगिता आईसीसी के नियमों के अनुसार आयोजित की जा रही है और जिला क्रीड़ा संघ द्वारा अनुमोदित अंपायर, स्कोरर और निर्णायकों की देखरेख में संपन्न होगी।
उद्घाटन समारोह में जिला क्रीड़ा संघ के अध्यक्ष शिवब्रत दत्त, सचिव देवाशीष सोम, अरिजीत गुप्ता, बराक वैली स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रतन देव, सचिव विश्वनाथ हाजाम, कछार जिला सचिव किंकर दास, वरिष्ठ खिलाड़ी चंदन शर्मा, समाजसेवी स्वर्णाली चौधरी, उदय शंकर गोस्वामी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजन समिति की ओर से राधारानी नाथ, संजीव कुमार सिंह और अन्य सदस्यों ने खेल प्रेमियों की उपस्थिति पर संतोष व्यक्त किया।





















