शिलचर में ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ को लेकर संतों की बैठक, जनजागरण तेज करने का आह्वान

विशेष प्रतिनिधि शिलचर, 13 मार्च: देशभर में चल रहे ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत शुक्रवार को शिलचर में संतों और गौ भक्तों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। वनबंधु परिषद कार्यालय में हुई इस बैठक में गौ सेवा, गौ सुरक्षा और गौ सम्मान के लिए जनजागरण अभियान को और मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी से पधारे संत चंद्रमा दास जी महाराज, वृंदावन धाम से गोबर गोपाल सरस्वती जी तथा राजस्थान के सीकर से विनोद जी बालाजी ने शिलचर गौशाला से जुड़े प्रमुख गौ भक्तों के साथ विचार-विमर्श किया। संतों ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा में गौ माता का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है, इसलिए उनके संरक्षण, संवर्धन और सम्मान के लिए समाज में व्यापक जनजागरण आवश्यक है।
संतों ने बताया कि आगामी 27 अप्रैल 2026 को देशभर में ‘गो सम्मान दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सुबह 10 से 12 बजे के बीच विभिन्न क्षेत्रों के गो प्रेमी अपने-अपने राजस्व विभाग (रेवेन्यू सर्किल) कार्यालयों में पहुंचकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। इस ज्ञापन के माध्यम से गौ सेवा, सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत केंद्र और राज्य सरकारों से संविधान के दायरे में रहते हुए अहिंसक तरीके से गौ अनुसंधान और संवर्धन को बढ़ावा देने, गौ संरक्षण के लिए कठोर केंद्रीय कानून बनाने तथा राष्ट्रीय स्तर पर गौ सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी। संतों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान पूरी तरह अहिंसक और गैर-राजनीतिक रहेगा तथा किसी संगठन या राजनीतिक दल के बैनर तले नहीं चलाया जाएगा।
बैठक में हनुमान जैन, कुंज बिहारी अग्रवाल, राजेश गुलगुलिया, सुरेंद्र कोठारी, सुजीत खंडेलवाल और प्रकाश चंद्र जैन सहित कई गौ भक्त उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार करने का संकल्प लिया।




















