फॉलो करें

शिलचर में चुनावी प्रिंटिंग कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप, प्रेस मालिक ने उठाए गंभीर सवाल

24 Views

शिलचर में चुनावी प्रिंटिंग कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप, प्रेस मालिक ने उठाए गंभीर सवाल

शिलचर, 4 अप्रैल 2026:
कछार जिले में चुनावी कार्यालय से जुड़े मुद्रण कार्यों के आवंटन को लेकर कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर आवाज बुलंद हुई है। शिलचर प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में ‘गणआवाज ऑफसेट प्रिंटिंग वर्क्स’ के स्वामी सुजीत कुमार चंद ने जिले के चुनावी इंचार्ज राजीव राय पर गंभीर आरोप लगाए।

सुजीत कुमार चंद ने कहा कि राजीव राय के नेतृत्व में एक संगठित सिंडिकेट लंबे समय से चुनावी प्रिंटिंग कार्यों का आवंटन प्रभावित कर रहा है। उनके अनुसार, वर्षों से चुनावी कार्य कर रहे स्थानीय प्रेसों को दरकिनार कर आर्थिक लेन-देन के आधार पर केवल दो-तीन चुनिंदा प्रेसों को काम दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में वे और अन्य प्रेस मालिक जिला आयुक्त, ऑब्जर्वर और मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखित शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

सुजीत ने 2019 के लोकसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भी राजीव राय कछार के चुनावी इंचार्ज थे और उस दौरान भी भारी रकम लेकर प्रिंटिंग कार्यों का आवंटन किया गया था। उन्होंने दावा किया कि उस समय एक ड्रिलिंग असिस्टेंट ने उनसे 95 हजार रुपये की मांग की थी, जिसे उन्होंने अस्वीकार कर गुवाहाटी के भ्रष्टाचार निरोधक विभाग से संपर्क किया और संबंधित कर्मचारी को रंगे हाथों पकड़वाया था।

उन्होंने आगे बताया कि 2021 के विधानसभा चुनाव में राजीव राय को हटाकर एडीसी सुमित सात्तयान को जिम्मेदारी दी गई थी, और उस दौरान किसी प्रकार के भ्रष्टाचार की शिकायत सामने नहीं आई।

हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में मतदाता पर्चियों (वोटर स्लिप) की छपाई में बड़े पैमाने पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी दर के अनुसार दो पृष्ठ की छपाई की कीमत 2.80 रुपये निर्धारित है, लेकिन 2024 में यही कार्य 5.60 रुपये प्रति स्लिप के हिसाब से कराया गया, जिससे लगभग 30 से 35 लाख रुपये का घोटाला हुआ।

उन्होंने आशंका जताई कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी इसी प्रकार की अनियमितताएं दोहराई जा सकती हैं।

सुजीत कुमार चंद ने यह भी सवाल उठाया कि जब किसी अधिकारी का कार्यकाल सामान्यतः तीन वर्ष का होता है, तो राजीव राय कैसे 2019, 2021 और अब 2026 में भी कछार जिले में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल