शिलचर में प्रतिबंधित कफ सिरप तस्करी गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लगभग 1200 बोतलें बरामद
काछाड़ | 17 जनवरी
शिलचर में प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी के खिलाफ काछाड़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने काछाड़ जिले के राधामाधव रोड स्थित एक परिवहन एजेंसी के गोदाम में छापेमारी कर लगभग 1200 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद कफ सिरप अवैध रूप से संग्रहित की गई थी और इन्हें तस्करी के उद्देश्य से रखा गया था। इस मामले में कटिगढ़ा क्षेत्र के निवासी पुलक दास को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किए जाने पर न्यायालय ने उसे दो दिनों की पुलिस रिमांड में भेजने का आदेश दिया है। पुलिस का कहना है कि इस तस्करी गिरोह में और भी लोगों की संलिप्तता की आशंका है, जिसे लेकर जांच को और तेज कर दिया गया है।
नशीले और प्रतिबंधित पदार्थों के खिलाफ काछाड़ पुलिस की इस कार्रवाई को एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले के विभिन्न हिस्सों में नशा और तस्करी के खिलाफ अभियान को आगे भी और सख्ती से जारी रखा जाएगा।




















