फॉलो करें

शिलचर में विधायक दीपायन चक्रवर्ती के विकास कार्यों पर आधारित मैगज़ीन का लोकार्पण व प्रबुद्ध सम्मेलन आयजित

24 Views

शिलचर में विधायक दीपायन चक्रवर्ती के विकास कार्यों पर आधारित मैगज़ीन का लोकार्पण व प्रबुद्ध सम्मेलन आयजित

विशेष प्रतिनिधि, शिलचर, 16 मार्च : शिलचर के विधायक दीपायन चक्रवर्ती के पिछले पांच वर्षों के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी पहलों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने वाली मैगज़ीन “Progressive Assam, Progressive Silchar: Resolute & Unwavering” का सोमवार शाम शिलचर के सर्किट हाउस रोड स्थित आशीर्वाद विवाह भवन में भव्य कार्यक्रम के बीच लोकार्पण किया गया।

इस मैगज़ीन में विधायक के रूप में दीपायन चक्रवर्ती के कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में लागू की गई विभिन्न विकास परियोजनाओं, नागरिक सेवाओं के विस्तार, जनहितकारी योजनाओं तथा शिलचर शहर के समग्र विकास की प्रगति का विस्तृत उल्लेख किया गया है। साथ ही इसमें शहर के भविष्य को लेकर नागरिकों की अपेक्षाओं और विकास की संभावनाओं को भी रेखांकित किया गया है।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक मांगलिक पंचप्रदीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित अतिथियों को उत्तरिय पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजित प्रज्ञावान नागरिक सभा में शहर के विशिष्ट नागरिकों, बुद्धिजीवियों तथा सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने शिलचर के विकास और भविष्य की दिशा को लेकर अपने महत्वपूर्ण विचार प्रस्तुत किए।

स्वागत भाषण में विधायक दीपायन चक्रवर्ती ने कहा कि उनके कार्यकाल में शिलचर में आधारभूत संरचना और जनसेवा को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलें की गई हैं। उन्होंने कहा कि शहर के सतत विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के बीच सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि बराक घाटी के विकास के लिए राज्य और केंद्र सरकार की ओर से पर्याप्त वित्तीय सहायता प्रदान की गई है, जिससे अनेक परियोजनाओं को गति मिली है।

शहर में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नालों और ड्रेनेज प्रणाली के सुधार पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके तहत लोंगाईखाल में ड्रेन निर्माण कार्य चल रहा है, जिसे आगामी शीतकाल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा तारापुर शिवबाड़ी रोड के विकास, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता और शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी कई कदम उठाए गए हैं।

मैगज़ीन में यह भी बताया गया कि क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों, लगभग 415 मंदिरों, गुरुद्वारों, क्लबों और स्कूलों, चिकित्सा केंद्रों, जिला पुस्तकालय सभागार, सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SMCH) तथा डीएसए स्टेडियम के विकास के लिए भी वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष से भी सहायता उपलब्ध कराई गई है।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष रूपम साहा ने कहा कि भाजपा सरकार के पिछले पांच वर्षों में हुए विकास कार्य कांग्रेस के शासनकाल में कल्पना से भी परे थे। वहीं राज्यसभा सांसद कनाद पुरकायस्थ ने विधायक दीपायन चक्रवर्ती की भ्रष्टाचारमुक्त और विकासोन्मुखी कार्यशैली की प्रशंसा की।

इस अवसर पर एपीडीसीएल के निदेशक नित्य भूषण दे, वरिष्ठ भाजपा नेता उदय शंकर गोस्वामी, विहिप के पूर्णचद मंडल, डॉ. विभास देव, शिवब्रत दत्ता, आरएसएस के शंकर दास, डॉ. भास्कर गुप्ता, विमलेंदु राय, निखिल पाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम में लगभग दो हजार लोगों ने भाग लेकर इसे सफल बनाया।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल