शिलचर में श्रीश्री ठाकुर अनुकूल चंद्र का 138वां जन्मोत्सव श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाया गया

सत्संग आश्रम से निकली भव्य शोभायात्रा, शहर में छाया आध्यात्मिक उल्लास
श्रीश्री ठाकुर अनुकूल चंद्र के 138वें जन्मोत्सव तथा 48वें श्रीबिग्रह स्थापना वर्षगांठ के अवसर पर रविवार सुबह शिलचर के आश्रम रोड स्थित सत्संग आश्रम से एक भव्य एवं बर्णाढ्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिससे पूरे शिलचर में आध्यात्मिक वातावरण व्याप्त हो गया।
शोभायात्रा में विभिन्न आयु वर्ग के असंख्य पुरुष एवं महिला सत्संगी श्रद्धालु पैदल चलते हुए ठाकुर बंदना और भजन-कीर्तन करते नजर आए। विशेष रूप से सुसज्जित टेबलो वाहन पर श्रीश्री ठाकुर अनुकूल चंद्र, श्रीश्री मा तथा श्रीश्री बड़दा के विग्रह प्रतिष्ठित थे, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह आयोजन शिलचर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का संदेश लेकर आया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भक्तों द्वारा शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल एवं चॉकलेट वितरित की गई। स्थानीय नागरिकों ने भी इस धार्मिक आयोजन का गर्मजोशी से स्वागत किया।
सत्संग आश्रम के सदस्यों ने बताया कि यह उत्सव भक्तों के बीच एकता, सेवा और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करता है। संपूर्ण शोभायात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुई।



















