श्रीभूमि जिले में महिला की गला रेतकर हत्या, बेटी हिरासत में
श्रीभूमि जिले के बाजारिछड़ा थाना अंतर्गत असम–त्रिपुरा सीमा से सटे शंभुनगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली हत्या की घटना सामने आई है। यहां एक महिला का गला रेतकर सिर धड़ से अलग कर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शंभुनगर क्षेत्र के एक घर से लंबे समय तक कोई आवाज़ न आने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों ने नागरा पुलिस पेट्रोल आउट पोस्ट को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के भीतर गला कटी अवस्था में एक महिला का शव बरामद किया। मृतका की पहचान रूपजान बीबी के रूप में हुई है।
घटना के बाद मृतका की बेटी ममिना बेगम घर से लापता पाई गई, जिससे लोगों का संदेह और गहरा गया। स्थानीय निवासियों ने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद से ममिना बेगम को इलाके में कहीं नहीं देखा गया है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
अंततः गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शंभुनगर आठ नंबर इलाके से अभियुक्त ममिना बेगम को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।





















