संघ को क्षमता और गुणवत्ता—दोनों में वृद्धि करनी होगी: दत्तात्रेय होसबले
विशेष प्रतिनिधि शिलचर, 8 फरवरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबले ने कहा कि संघ को आने वाले समय में क्षमता और गुणवत्ता—दोनों को समान रूप से बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने यह बात रविवार प्रातः शिलचर नगर के गणवेशधारी स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कही।
सुभाष नगर मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ संघ के भगवा ध्वज के ध्वजारोहण एवं प्रार्थना से हुआ। इसके पश्चात स्वयंसेवकों द्वारा शारीरिक प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में नगर कार्यवाह का स्वागत वक्तव्य, अमृत वचन तथा एकल गीत भी प्रस्तुत किया गया।

लगभग 50 मिनट के धारा-प्रवाह वक्तव्य में दत्तात्रेय होसबले ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुकूल परिस्थितियों में अहंकार आने की संभावना रहती है, जिससे हमें सदैव बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनेक तपस्वी स्वयंसेवकों के बलिदान और समाज के सहयोग से संघ आज अपने 100 वर्ष पूर्ण कर रहा है। यह यात्रा समाज के सहयोग के बिना संभव नहीं थी।
उन्होंने कहा कि संघ को अपनी सामाजिक शक्ति को राष्ट्र की उन्नति के लिए और अधिक सशक्त बनाना होगा। संघ का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए संघ विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करता है।
सर कार्यवाह ने बताया कि शताब्दी वर्ष के अवसर पर संघ के स्वयंसेवकों ने देशभर में लाखों घरों तक पहुँचकर संघ कार्य की जानकारी दी है। संपर्क में आए नए लोगों को भी संघ के कार्यों से जोड़ने का सतत प्रयास होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संघ समाज में पाँच प्रमुख परिवर्तनों के लिए निरंतर कार्य कर रहा है, जिसे समाज का व्यापक समर्थन मिल रहा है। समाज संघ के कार्यों को सही दिशा में मानते हुए सहयोग के लिए आगे आ रहा है। एक जागरूक, संगठित और सक्षम समाज का निर्माण ही संघ का लक्ष्य है, ताकि आने वाली चुनौतियों का सामना मजबूती से किया जा सके।
दत्तात्रेय होसबले ने कहा कि संघ का कार्य एक साधना है। स्वयंसेवकों ने अनेक उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन हर परिस्थिति में बिना विचलित हुए अपने ध्येय पथ पर दृढ़ता से आगे बढ़ते रहना ही संघ की पहचान है।
कार्यक्रम में मंच पर प्रांत संघ चालक ज्योत्सना मय चक्रवर्ती एवं विभाग संचालक मृदुल धर उपस्थित थे। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रचारक शशिकांत चौथाईवाले, राम सिंह, पूर्ण चंद मंडल, प्रांत प्रचारक गौरांग राय, क्षेत्र कार्यवाह राजेंद्र सिंह सहित अनेक प्रमुख कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।




















