22 Views
सप्ताह में केवल दो दिन खुल रहा सहकारी बैंक, खाताधारक परेशान
गड़वार (बलिया):
कस्बा स्थित जिला सहकारी बैंक की स्थानीय शाखा कर्मचारियों की कमी के कारण सप्ताह में केवल दो दिन—बुधवार और गुरुवार—को ही खुल रही है। शेष दिनों में शाखा प्रबंधक की ड्यूटी चिलकहर गांव स्थित शाखा में रहने के कारण गड़वार शाखा बंद रहती है।
बैंक के नियमित रूप से बंद रहने से खाताधारकों को लेनदेन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और ग्राहकों का कहना है कि उन्हें अपने ही खाते से पैसे निकालने के लिए कई बार बैंक के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
खाताधारकों ने यह भी आरोप लगाया कि इस शाखा से जमा धनराशि निकालना पिछले कई वर्षों से बेहद कठिन बना हुआ है। काफी भागदौड़ और अनुरोध के बाद भी कई बार केवल एक हजार से लेकर दस हजार रुपये तक ही भुगतान किया जाता है। इससे ग्राहकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बैंक के उच्च अधिकारियों से कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने तथा बैंक को नियमित रूप से खोलने की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि खाताधारकों को राहत मिल सके।



















