हाइलाकांडी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा टिकट के दावेदार विश्वजीत कोइरी का व्यापक जनसंपर्क अभियान
हाइलाकांडी, 17 जनवरी: हाइलाकांडी विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदार एवं युवा समाजसेवी नेता विश्वजीत कोइरी ने अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। महादेवपुर से रामनाथपुर तक फैले इस विधानसभा क्षेत्र में वे समतल इलाकों के साथ-साथ दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों का भी लगातार दौरा कर रहे हैं और आम जनता से सीधे संवाद स्थापित कर रहे हैं।
अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान विश्वजीत कैरी स्थानीय लोगों की समस्याओं, अभावों, शिकायतों और बुनियादी जरूरतों की जानकारी ले रहे हैं। गेंडाछड़ा, गारदपुंजी, तेलगाता पुंजी, गुटगुटी गारद पुंजी, महादेवपुर, रामनाथपुर, रूपाछड़ा, सुनाछड़ा, धलाई, मलाई, रंगाबाक, कालीनगर, उत्तर कंचनपुर सहित कई दूरदराज़ गांवों में उन्हें जनता का स्वतःस्फूर्त समर्थन प्राप्त हुआ, जिससे वे अभिभूत नजर आए।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए विश्वजीत कोइरी ने कहा,
“मैं हमेशा आम लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को नजदीक से देखना और उनके समाधान के लिए ईमानदारी से प्रयास करना चाहता हूं। जनता का विश्वास और स्नेह मुझे और अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।”
उल्लेखनीय है कि हाइलाकांडी विधानसभा सीट से भाजपा टिकट की दावेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से विश्वजीत कोइरी लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पार्टी उन्हें अवसर देती है और वे विधायक बनते हैं, तो क्षेत्र की वर्षों पुरानी बाढ़ समस्या का स्थायी समाधान, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार तथा युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताएं होंगी।
जनसंपर्क अभियान के दौरान इंद्रजीत राय, शिवा तुरी, रामराज रविदास, बप्पू कैरी सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। वहीं, अनेक स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि ऐसे निरंतर प्रयास भविष्य में हाइलाकांडी विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देंगे।



















