21 Views
306 नंबर शिलचर–आइज़ोल राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा

यात्री ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त, स्कूल शिक्षक सहित कई यात्री घायल
शिलचर से भागा की ओर जा रही एक यात्री ट्रैवलर गुरुवार सुबह 306 नंबर शिलचर–आइज़ोल राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसा वाहन का टायर फटने के कारण हुआ, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एएस-11 बीसी-4935 नंबर की ट्रैवलर तेज गति से चल रही थी। जैसे ही काजीडोर तृतीय खंड के शिलडुबी तेमाथा क्षेत्र को पार किया, अचानक वाहन का एक टायर फट गया। संतुलन बिगड़ने से ट्रैवलर सड़क पर दो बार पलटी खाते हुए पास के खाली स्थान में जाकर रुक गई।
बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। दुर्घटना में कई यात्री घायल हुए हैं, जिनमें एक स्कूल शिक्षक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को खबर दी और एंबुलेंस बुलाकर घायलों को इलाज के लिए शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा।
पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




















